
दुनिया के सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग की शुरूआत होने में महज दो दिन बचे हैं पर उससे पहले कोरोना के बढते मामले टीमों की चिंता बढ़ाने लगे है. आईपीएल 2021 की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को एक और बड़ा झटका लगा है. सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के बाद अब डैनियल सैम्स को कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं. फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर इस खबर को शेयर किया है. सैम्स को फिलहाल कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं हैं और उन्हें आइसोलेशन में भेज दिया गया है. बता दें कि आईपीएल 2021 का शुभारंभ 9 अप्रैल से होना है और पहले मैच में आरसीबी का मुकाबला मुंबई इंडियंस की टीम के साथ होना है. आरसीबी की ओर से कहा गया है कि, ‘सैम्स 3 अप्रैल को टीम होटल पहुंचे थे, तब उनका कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया था, उनके दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट 7 अप्रैल को आई, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं’
डैनियल सैम्स के कोराना पॉजिटिव होने के कारण अब उन्हें कुछ दिन तक क्वारंटीन में रहना होगा, इसका मतलब यह है यह ऑलराउंडर अब शुरूआती आईपीएल मैच नहीं खेल पाएंगे. सैम्स से पहले देवदत्त पडिक्कल भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, उन्होंने अपना क्वारंटीनल पूरा कर लिया है और अब टीम के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा ले रहे हैं.
आईपीएल में आरसीबी एक बार भी खिताब नहीं जीत पाई है. विराट कोहली और एबी डिविलियर्स का क्वारंटीन आज पूरा हो जाएगा और फिर वो कल से आरसीबी के अभ्यास सत्र में हिस्सा ले सकेंगे. विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी खिताब को जीतने के इरादे के साथ टूर्नामेंट में उतरेगी.