
एक नए वीडियो में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moose Wala) को मारने के बाद उनके हमलावरों को जश्न मनाते हुए देखा जा सकता है. यह वीडियो एक शूटर के पास से बरामद किया गया है, इसमें पांच लोगों को एक कार में देखा जा सकता है. सभी मुस्कुरा रहे हैं ओर कैमरे के सामने अपनी बंदूक लहरा रहे हैं. वीडियो में जो कार में आगे वाली सीट पर नीली टी शर्ट में बैठा है वो शूटर प्रियव्रत फौजी है जबकि पीछे वाली सीट पर जो चेक की शर्ट पहनकर बैठा है वो अंकित है.हत्याकांड में शामिल सबसे कम उम्र के शूटर अंकित सिरसा का फोन स्कैन किए जाने के बाद यह वीडियो सामने आया है . 18 साल के इस शूटर को कल रात दिल्ली के एक टर्मिनल से अरेस्ट किया गया था. पुलिस के मुताबिक, अंकित, सजायाफ्ता गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग का सदस्य है.
पुलिस ने उसे हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया है. दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि अंकित सिसरा ने सिद्धू मूसेवाला के सबसे करीब जाकर उस पर छह गोलियां दागी थीं. उसके सहयोगी सचिन विरमानी को भी गिरफ्तार किया गया है.गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला भारत और भारत के बाहर पंजाबी समुदाय के बीच अपने गीत-संगीत के लिए बेहद लोकप्रिय थे, उनकी इसी वर्ष 29 मई को उनकी कार पर धुआंधार फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी.
पुलिस के अनुसार, इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई मुख्य आरोपी है. पूछताछ के दौरान लॉरेंस ने मामले के मास्टरमाइंड होने की बात स्वीकार की है.