
दिल्ली एयरपोर्ट से वायरल हुए एक वीडियो पर एयर इंडिया की सफाई सामने आई है। एयर इंडिया का यह बयान तब सामने आया है जब इस वीडियो में एयर इंडिया की एंट्री गेट के पास एक महिला फ्लोर पर गिरी हुई दिखाई दे रही है। दावा किया गया था कि एयर इंडिया के कर्मचारियों द्वारा विमान के बोर्डिंग गेट पर एंट्री से इनकार करने के बाद महिला को पैनिक अटैक आया था।
दरअसल, यह मामला सामने तब आया था जब एक शख्स ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह वीडियो शेयर करके आरोप लगाया था कि पैनिक अटैक के बाद भी एयर इंडिया के स्टाफ ने सिक्युरिटी को बुलााया और मेडिकल हेल्प के बजाए उसे एयरपोर्ट से बाहर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद एयर इंडिया ने सफाई देते हुए बयान जारी किया। एक आधिकारिक बयान में एयरलाइन ने कहा है कि वीडियो भ्रामक है।
अपने बयान में एयर इंडिया में बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे तीनों यात्रियों को हमारे स्टाफ ने बोर्डिंग गेट बंद होने से पहले रिपोर्ट करने के लिए कई बार सूचना दी थी लेकिन वे लेट पहुंचे थे इसलिए उन्हें विमान में चढ़ने से रोक दिया गया। यात्री ने ही मदद लेने से किया मना एयर इंडिया ने बताया कि जब हमने देखा कि महिला जमीन पर लेटी हुई है तो हमने एक डॉक्टर और सीआईएसएफ के एक जवान को उनकी मदद के लिए तुरंत बुलाया, लेकिन जब डॉक्टर मौके पर पहुंचे तो यात्री ने सहायता से मना कर दिया।
एयर इंडिया ने यह भी कहा कि हमारी छवि खराब करने के लिए महिला जमीन पर लेट गई। उन्होंने कहा कि महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इस मामले की पुष्टि किए बिना ही मीडिया ने इसे प्रकाशित कर दिया।
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और आराम हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमें तय नियमों का पालन करना होता है। हम किसी भी कीमत पर उड़ान में देरी नहीं कर सकते, खासकर तब जब सभी यात्री समय से विमान में बैठ गए हों।