Bengal Polls: आखिर ऐसा क्या हुआ? जो प्रशांत किशोर को बोलना पड़ा- 2 मई को मेरा पिछला ट्वीट निकाल लेना

   

निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल सहित चार अन्य राज्यों के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही इन सभी चुनावी राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है। चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। इस बीच विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी के लिए काम कर रहे चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बीजेपी के खिलाफ हमलावर रूख अख्तियार करते हुए ट्वीट किया है।

ट्विटर के जरिए उन्होंने कहा कि 2 मई के नतीजों के बाद आप मेरे पिछले ट्वीट पर बात कर सकते हैं. बता दें कि चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर  ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी दहाई के आंकड़े से आगे नहीं बढ़ पाएगी. उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए पश्चिम बंगाल का चुनाव बेहद अहम है.

किशोर ने तृणमूल कांग्रेस के स्लोगन और सीएम ममता बनर्जी के फोटो को भी शेयर किया. इसके साथ ही उन्होंने TMC का नारा भी लिखा, बंगाल को केवल उसकी बेटी पर भरोसा है. किशोर ने कहा कि बंगाल की जनता अपने संदेश के लिए तैयार है. बताते चलें कि इससे पहले प्रशांत किशोर ने पिछले साल 21 दिसंबर को ट्वीट करके कहा था कि अगर बीजेपी, बंगाल चुनावों में दहाई का आंकड़ा पार कर जाएगी, मैं ट्विटर छोड़ दूंगा.

 

बता दें कि शुक्रवार को चुनाव आयोग ने घोषणा की कि पश्चिम बंगाल में 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में मतदान संपन्न होगा. पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत राज्य के पांच जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर 27 मार्च को, दूसरे चरण के तहत चार जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर एक अप्रैल, तीसरे चरण के तहत 31 विधानसभा सीटों पर छह अप्रैल, चौथे चरण के तहत पांच जिलों की 44 सीटों पर 10 अप्रैल, पांचवें चरण के तहत छह जिलों की 45 सीटों पर 17 अप्रैल, छठे चरण के तहत चार जिलों की 43 सीटों पर 22 अप्रैल, सातवें चरण के तहत पांच जिलों की 36 सीटों पर 26 अप्रैल और आठवें चरण के तहत चार जिलों की 35 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा. पिछले विधानसभा चुनाव में यहां सात चरणों में मतदान संपन्न हुआ था. पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 30 मई को पूरा हो रहा है. दो मई को वोटों की गिनती के बाद साफ होगा कि पश्चिम बंगाल के चुनावों में बाजी किसके हाथ लगती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *