
कनाडा इन दिनों लू के भीषण थपेड़ों से जूझ रहा है और इस गर्मी के चलते मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. रॉयल कनैडियन माउंटेड पुलिस और सिटी पुलिस डिपार्टमेंट की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार के बाद से वैंकुवर में कम से कम 134 लोगों की मौत दर्ज की गई है. वैंकुवर पुलिस डिपार्टमेंट ने कहा है कि शुक्रवार के बाद से 65 लोगों की अचानक मौत के मामले सामने आए हैं, ज्यादातर की मौत की वजह लू ही प्रतीत होती है.
कनाडा ने मंगलवार को लगातार तीसरे दिन नया सर्वकालीन ऊंचा तापमान दर्ज किया. देश के वेदर सर्विस के अनुसार, वेंकूवर से 250 किलोमीटर लेटन, ब्रिटिश कोलंबिया में पारा 121 डिग्री फारेनहाइ (49.5 डिग्री सेल्यियस) तक जा पहुंचा. पुलिस सार्जेंट स्टीव एडिसन कहते हैं, ‘वेंकूवर ने इससे पहले, कभी इस तरह की गर्मी का अनुभव नहीं किया और इसके कारण दर्जनों लोगों की मौत हो रही है.’ अन्य स्थानीय नगरपालिकाओं का भी कहना है कि उन्हें भी लोगों की अचानक मौत के बारे में जानकारी मिल रही है, हालांकि उनकी ओर से इस बारे में फिलहाल कोई आंकड़ा नहीं दिया गया है.
जलवायु परिवर्तन को तापमान में अचानक बढ़ोत्तरी की वजह माना जा रहा है. वैश्विक स्तर पर 2019 के दशक को सबसे गर्म दशक माना गया है और पिछले पांच साल झुलसा देने वाली गर्मी से भरपूर रहे हैं. कनाडा से लगा हुआ अमेरिका भी गर्मी की लहर से जूझ रहा है. पोर्टलैंड, ओरेगॉन एंड सीटल, वॉशिंगटन में भी झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है जो 1940 में इस बारे में रिकॉर्ड रखे जाने से नहीं देखी गई है. नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, पोर्टलैंड में तापमान 115 डिग्री फारेनहाइट तक जा पहुचा है जबकि सीटल में यह सोमवार को 108 डिग्री फारेनहाइट था.