OYO Founder Father Died: ओयो के फाउंडर रितेश अग्रवाल के पिता का निधन, 20वें माले से गिरकर हुई मौत

ओयो रूम्स (Oyo Rooms) के संस्थापक रितेश अग्रवाल (Ritesh Agarwal) के पिता रमेश अग्रवाल (Ramesh Agarwal) की गुड़गांव में एक इमारत की 20वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. रमेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ अपार्टमेंट में रहते थे. रितेश अग्रवाल इस बिल्डिंग में नहीं रहते थे. बता दें कि यह दुखद घटना रितेश अग्रवाल की शादी के ठीक तीन दिन बाद हुई है. रितेश अग्रवाल ने दिल्ली में फार्मेशन वेंचर्स की निदेशक गीतांशा सूद से शादी की थी, जिसमें कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया था.

DCP ईस्ट, वीरेंद्र विज के हवाले से न्यूज एजेंसी ANI ने कहा, ‘रमेश अग्रवाल (ओयो के संस्थापक रितेश अग्रवाल के पिता) की गुरुग्राम के सेक्टर 54 स्थित डीएलएफ ‘द क्रेस्ट’ में 20वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई. सीआरपीसी की धारा 174 के तहत जांच रिपोर्ट की गई. एसएचओ सेक्टर 53 के साथ एक टीम ने घटना स्थल का दौरा किया. उनका पोस्टमॉर्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया.’

रितेश अग्रवाल ने भी पिता के निधन की जानकारी दी. उन्होंने बयान जारी कर कहा, ‘भारी मन से मैं और मेरा परिवार यह बताना चाहते हैं कि मेरे पिता रमेश अग्रवाल का 10 मार्च को निधन हो गया. उनका निधन हमारे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. दुख की इस घड़ी में हम सभी से निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *