पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान कोरोना पॉजिटिव पाए गए

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं. उनके विशेष सहायक ने ये जानकारी दी. पाकिस्तान में भी कोरोना वायरस  के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं. पाकिस्तान में कोरोना के कुल मामले 6.15 लाख तक पहुंच गए हैं. जबकि कोरोना से कुल मौतों का आंकड़ा 13,700 तक पहुंच गया है.

केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख अधिकारी फैसल सुल्तान ने ट्वीट कर यह जानकारी दी. उन्होंने लिखा, पीएम इमरान खान कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं और उन्होंने खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है. हालांकि इसकी आगे जानकारी नहीं दी गई है.हालांकि सोशल मीडिया पर आरोप लग रहे हैं कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान खुद बिना मास्क पहने बैठकों और सभाओं में हिस्सा लेते रहे हैं. इमरान खान को दो दिन पहले ही कोरोना का टीका भी लगा था.

पाकिस्तान में ज्यादातर मामले पंजाब प्रांत से आ रहे हैं. पाकिस्तान के मंत्री असद उमर का कहना है कि मामले बढ़ने के साथ अस्पतालों में बेड तेजी से भरते जा रहे हैं. पाकिस्तान के ज्यादातर शहरों में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने के साथ बिना मास्क पहने लोग देखे जा रहे हैं, इसके वीडियो भी वायरल हो रहे हैं.

 

उधर, भारत में लगातार कोरोना के मामले बढ़ना चिंता का कारण बने हुए हैं. महाराष्ट्र में शुक्रवार को 25 हजार के करीब केस सामने आए थे, जबकि पूरे देश में  40 हजार से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं. महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों ने दोबारा लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जैसे कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. पाकिस्तान ने भी कोरोना टीकाकरण के व्यापक कार्यक्रम गावी के तहत भारत में निर्मित कोरोना वैक्सीन खरीदने का निर्णय लिया है. इस अलायंस के तहत गरीब देशों को वैक्सीन मुहैया कराई जाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *