
UAE में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के टीम इंडिया के बाहर होने के बाद कई पूर्व क्रिकेटर नाराज हैं. भारत के पहले विश्व विजेता कप्तान कपिल देव भी इसमें पीछे नहीं हैं. कपिल देव ने माना है कि भारतीय टीम में शामिल स्टार दिग्गज आईपीएल को देश से पहले रखते हैं, यही कारण रहा कि भारत के सितारे बल्लेबाज वर्ल्ड कप के दौरान फ्लॉप रहे. 1983 में विश्व कप जीतने वाले देव ने एबीपी न्यूज से बात करते हुए अपनी बात रखी, उन्होंने कहा, “जब खिलाड़ी देश के लिए खेलने के बजाय आईपीएल खेलना पसंद करते हैं, तो हम क्या कह सकते हैं? मेरा मानना है कि हर खिलाड़ी को अपने देश के लिए खेलते हुए गर्व महसूस करना चाहिए.”
कपिल देव ने कहा कि हर चीज से पहले देश होता है उसके बाद ही फ्रेंचाइजी क्रिकेट होनी चाहिए. लेकिन हमारे खिलाड़़ी के परफॉर्मेंस को देखकर ऐसा महसूस नहीं होता है. भारत के महान कप्तान रहे कपिल देव ने आगे अपने बयान में कहा कि, मैं यह नहीं कह रहा हूं कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट मत खेलो, लेकिन अब यह बीसीसीआई की जिम्मेदारी है कि वह भविष्य के लिए अपने क्रिकेट (शेड्यूल) को बेहतर ढंग से तैयार करे.” अब हमें अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना होगा.
अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़़ा, जिसके बाद भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की थोड़ी उम्मीद भी खत्म हो गई. टूर्नामेंट के शुरूआत में भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार थी. लेकिन पहले ही मैच में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिसने टूर्नामेंट में भारत की स्थिति स्पष्ट कर दी. इसके अगले ही मैच में कीवी टीम ने भारत को हरा दिया. जिसके बाद भारत का सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद को गहरा झटका लगा.
अब भारत की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेलेगी, न्यूजीलैंड की टीम भारत के दौरे पर आने वाली है. 17 नवंबर से टी-20 सीरीज खेले जाएंगे. इसके बाद टेस्ट सीरीज खेला जाने वाला है. अब भारत को नया कोच राहुल द्रविड़ के तौर पर मिल चुका है. इसके अलावा अगले साल ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप फिर से खेला जाने वाला है.