
आईपीएल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने कमाल का प्रदर्शन किया था. टीम लगातार दो बार प्लेऑफ तक पहुंचने के साथ ही आईपीएल 2020 की फाइनलिस्ट थी. मगर IPL 2021 से पहले श्रेयस अय्यर को चोट लग गई और वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए. ऐसे में ऋषभ पंत को कप्तानी दी गई और उन्होंने भी टीम को अच्छे से संभाला. अब आईपीएल 2021 के दूसरे हाफ में अय्यर आ चुके हैं लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने पंत को ही मुखिया बनाए रखने का फैसला किया है. इस पर अब श्रेयस अय्यर का बयान सामने आया है. श्रेयस अय्यर ने कहा कि उन्हें आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करना पसंद है लेकिन वह ऋषभ पंत को 2021 सत्र के आखिर तक कप्तान बनाये रखने के टीम प्रबंधन के निर्णय का सम्मान करते हैं.
कोविड-19 के कारण मई में स्थगित कर दिये आईपीएल के फिर से बहाल होने पर 26 वर्षीय अय्यर ने वापसी की लेकिन दिल्ली ने पंत को ही कप्तान बनाये रखा. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत में नाबाद 47 रन की आक्रामक पारी खेलने वाले अय्यर ने कहा कि वह टीम की नीति समझते हैं और उन्हें कोई शिकायत नहीं है. दिल्ली ने यह मैच आठ विकेट से जीता. अय्यर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जब मुझे कप्तानी सौंपी गयी थी तो मैं मानसिक तौर पर अलग तरह की स्थिति में था और निर्णय लेने की मेरी क्षमता और सहनशीलता का स्तर बहुत अच्छा था और मुझे पिछले दो वर्षों में इसका लाभ मिला.’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह फ्रेंचाइजी का निर्णय है और उन्होंने जो भी निर्णय लिया है मैं उसका सम्मान करता हूं. ऋषभ सत्र के शुरू से ही अच्छी तरह से टीम की अगुवाई कर रहा है और उन्हें लगा कि उसे सीजन के आखिर तक कप्तान बनाये रखना चाहिए और मैं इस फैसले का पूर्ण सम्मान करता हूं.’’ अय्यर ने कहा कि उन्हें दबाव की परिस्थितियों में खेलने में आनंद आता है क्योंकि ऐसे में उनके खेल में निखार आता है.
उन्होंने कहा, ‘‘और कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है. अब मैं बल्लेबाजी पर अधिक ध्यान दे रहा हूं. जब मैं कप्तान था तो मुझे दबाव में खेलना पसंद था. जब दबाव होता है तो आपके सामने अधिक चुनौतियां होती है और ऐसी परिस्थितियों में मैं अच्छा प्रदर्शन करता हूं. ’’ अय्यर ने कहा, ‘‘यहां तक कि आज जब मैं क्रीज पर उतरा तो मैच जीतने का दबाव था. विकेट में असमान उछाल थी तो मेरी सोच वही थी कि आखिर तक टिके रहकर मैच जीतना है.”