ब्रेकिंग-प्रधानमंत्री ने मुंबई की बारिश का जायज़ा लिया


मुंबई में लगातार भारी बारिश और आंधी से स्थिति चिंताजनक हो गई है. कई जगहों पर जलजमाव के कारण ट्रैफिक जाम है. दक्षिण मुंबई में भी कई जगहों पर जलभराव हो गया है. मुंबई, ठाणे और पालघर में रेड अलर्ट घोषित किया गया है.
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत की है. पीएम मोदी ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. हाल ही में मुंबई के लोगों को निसर्ग चक्रवात ने परेशानी में डाला था.महाराष्ट्र में मुंबई और इसके पड़ोसी जिलों ठाणे तथा पालघर में बुधवार को तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश के चलते उपनगरीय ट्रेन एवं बस सेवाएं प्रभावित हो गई।
मौसम खराब होने से जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया। वहीं, मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार सुबह तक मूसलाधार बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी रायगढ़ जिले के न्हावा शेवा में स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) पर तैनात तीन उच्च क्षमता की क्रेन आज दोपहर तेज गति की हवाएं बहने से ढह गई।
हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। देश के सबसे बड़े बंदरगाहों में शामिल जेएनपीटी के अध्यक्ष संजय सेठी ने कहा, ”तेज गति से हवाएं चलने के कारण हमारे टर्मिनल में एक पर तीन मुख्य क्रेन ढह गई, लेकिन इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। क्रेन ढहने से यहां कामकाज प्रभावित नहीं होगा। ”
मुंबई और इसके पड़ोसी इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह तक अत्यधिक भारी बारिश जारी रहेगी
भारतीय मौसम विभाग ने नयी दिल्ली में एक विशेष बुलेटिन में कहा कि मुंबई और इसके पड़ोसी इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह तक अत्यधिक भारी बारिश जारी रहेगी। साथ ही, छह अगस्त की सुबह मुंबई और इससे लगे कोंकण तट पर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है।
महाराष्ट्र में मुंबई और इसके पड़ोसी जिलों ठाणे तथा पालघर में बुधवार को भारी बारिश हुई, जिससे रेल पटरियों और सड़कों पर जलभराव हो जाने के चलते लोकल ट्रेन तथा बस सेवाएं प्रभावित हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे, सतारा और कोल्हापुर जिलों में भी बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि पालघर के दहानु में बुधवार को सुबह साढ़े पांच बजे तक 12 घंटे की अवधि में 350 मिमी बारिश हुई, जबकि ठाणे के कुछ इलाकों में इसी अवधि के दौरान 150 मिमी से अधिक बारिश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *