
देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले बड़ी तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कोरोना संक्रमण की स्थितियों पर लगातार नजरें बनाए हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा और टीका वितरण की रणनीति के मसले पर मुख्यमंत्रियों एवं राज्यों केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को बैठक कर सकते हैं।ऐसा बताया जा रहा है कि डिजिटल माध्यम से होने वाली ये बैठक दो चरणों में होगी. पहले चरण में सुबह 10 बजे उन आठ राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे जहां कोरोना का कहर सबसे ज्यादा है. इसके बाद दोपहर 12 बजे से बाकी बचे राज्यों के मुख्यमंत्री पीएम के साथ होने वाली इस अहम बैठक में शामिल होंगे.
जानकारी के मुताबिक बैठक में कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा और टीका वितरण की रणनीति को लेकर मुख्यमंत्रियों और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के अन्य प्रतिनिधियों के साथ चर्चा होगी. प्रधानमंत्री मोदी कोरोना की स्थिति की समीक्षा के लिए अब तक कई बार राज्यों साथ बैठकें कर चुके हैं.देश भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले पिछले कुछ दिनों से 50,000 के नीचे आ रहे हैं, वहीं कुछ राज्यों में मामले तेजी से बढ़े हैं.
कुछ शहरों में तो रात का कर्फ्यू भी लगाया गया है. केंद्र की ओर से लगातार यह प्रयास भी हो रहे हैं कि जब भी कोरोना का टीका उपलबध होगा, उसके सुचारू वितरण की व्यवस्था हो सके.भारत में फिलहाल पांच वैक्सीन तैयार होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. इनमें से चार परीक्षण के दूसरे या तीसरे चरण में हैं जबकि एक पहले या दूसरे चरण में है.