फ़र्ज़ी कैंसर हॉस्पिटल पर पुलिस की रेड, पांचवीं पास आरोपी बिना डिग्री के कर रहा था गंभीर बीमारियों का उपचार – देखें VIDEO

 

कन्नौद तहसील के ग्राम पंचायत रायपुरा में मंगलवार को पुलिस ने एक हकीम के यहां दबिश दी। पांचवीं पास आरोपी बिना डिग्री के हकीम बनकर लोगों की गंभीर बीमारियों का उपचार करता था। मौके पर मरीज उपचार करवाते हुए भी मिले। जहां खटिया पर लेटाकर बोतल (सलाइन) चढ़ाई जा रही थी।

पुलिस ने हकीम बाबा इमरान पिता अल्ताफ खान निवासी रायपुरा को कैंसर व अन्य बीमारियों का उपचार करते हुए दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ थाने में एक पीड़ित मरीज के परिजन ने केस दर्ज करवाया था कि इमरान इलाज के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा है।

कन्नौद टीआई तहजीब काजी ने बताया कि आरोपी इमरान एक खेत पर बने घर (टप्पर) में कैंसर जैसी घातक बीमारी के मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज कर रहा था। मरीजों को इंजेक्शन और बोतल (सलाइन) लगाई जा रही थी। दबिश देकर इमरान को पकड़ लिया गया।

बाहर से आए एक पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक माह से मुंह के कैंसर का इलाज इमरान बाबा से करा रहा है। 32 हजार रुपए के इंजेक्शन, अन्य दवाओं व बोतल लगने के बाद भी कोई लाभ नहीं हुआ। मुंह से खाना-पीना तक बंद हो गया है। अभी तक मरीज से 1 लाख 60 हजार रुपए भी ले लिए हैं। पुलिस ने धारा 420 में सहित अन्य धारा में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

अंग्रेजी दवाइयां व बोतलें भी जब्त

पुलिस ने बताया कि दबिश दी तो मौके पर 10 से अधिक खटिया और पलंग पर मरीजों का उपचार किया जा रहा था। मौके से इंजेक्शन, अंग्रेजी दवाइयां व अन्य बोतलें सहित सामग्री जब्त की है। आरोपी इमरान उपचार करने संबंधित डॉक्टर की डिग्री नहीं बता सका। आरोपी इमरान बाबा बन झाड़फूंक कर छोटी-मोटी बीमारियों का इलाज करता था। धीरे-धीरे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज करने लगा। उसके पास से अंग्रेजी, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक दवाएं भी मिली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *