राजगढ़ जिले के सुठालिया में पीएम श्री विद्यालय में 12वीं के छात्रों द्वारा एलईडी टीवी पर पोर्न वीडियो देखने का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। वहीं अब स्कूल डेस्क पर गंदे शब्द (मा…, ब…) लिखे मिले हैं। पोर्न वीडियो मामले को लेकर प्राचार्य हेमंत यादव ने सुठालिया थाने में बृजमोहन सूर्यवंशी के नाम शिकायती आवेदन दिया है
स्कूल प्राचार्य हेमंत यादव का कहना है कि पोर्न वीडियो देखने का यह पूरा मामला 8 माह पुराना है, जबकि पूर्व प्रभारी प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। मैंने तो अभी तक इसका वीडियो भी नहीं देखा है।
इस पूरे मामले को लेकर भास्कर टीम सुठालिया के पीएम श्री स्कूल पहुंची। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले तो कक्षा की टेबलों पर लिखे अश्लील शब्द और लचर निगरानी स्कूल प्रशासन की लापरवाही को दर्शा रही थी।
वर्तमान और पूर्व प्राचार्य ने एक-दूसरे पर टाली बात

प्राचार्य बोले- थाने जाने से पहले ही वीडियो वायरल किया सुठालिया पीएम श्री स्कूल के प्राचार्य हेमंत यादव ने कहा कि बृजमोहन सूर्यवंशी नाम के शख्स का मेरे पास दो-तीन बार फोन आया था। उसने शाम को मिलने बुलाया और वो वीडियो बताया। मैंने कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है, मेरे कार्यकाल से। वीडियो में जो बच्चे दिख रहे हैं वो पुराने सत्र के हैं। उसने मेरे से 50 हजार रुपए की मांग की। मैंने उसकी बात नहीं मानी। पुलिस थाने जाने वाला था उससे पहले उसने वीडियो वायरल कर दिया। ये वीडियो 8 से 10 महीने पुराना है। मैं 12 मई को प्राचार्य बना हूं। पहले शिक्षक था।

पूर्व प्राचार्य बोले- मेरी जानकारी में नहीं है पीएम श्री स्कूल के पूर्व प्रभारी प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि यह वीडियो उनके कार्यकाल का नहीं है। वे मई 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। यह वीडियो कब का है, इसकी उन्हें काेई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि यह वीडियो उनके समय का होता और इसकी खबर मिल जाती, तो तत्काल कार्रवाई करते।
उन्होंने कहा, हम छात्रों को संस्कार सिखाते हैं, न कि ऐसी चीजें। इस तरह का वीडियो सामने आना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इसमें शिक्षकों की भी गलती है, अगर मुझे पता चलता कि यह किस पीरियड में हुआ है, तो मैं तुरंत जिम्मेदार पर कार्रवाई करता। मेरे समय में हर कक्षा में कैमरे लगे थे और मैं बच्चों को अनुशासन में रखने पर जोर देता था। टेबल पर गलत शब्द लिखने पर भी छात्रों से तुरंत मिटवाता था। अभी जो अपशब्द लिखे हैं, चपरासी से उसे साफ करवाना चाहिए।
मैं दोषी मिला तो मुझ पर भी कार्रवाई करें’ पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार रात उन्हें इस वीडियो के बारे में पता चला। रात को मुझे वॉट्सएप पर एक लेटर भेज कर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि, एक समिति आपसे कुछ जानकारी ले सकती है। उनका सहयोग करना है। उन्होंने स्पष्ट किया, मैं दो साल तक प्रभारी प्राचार्य रहा हूं। यदि जांच में मैं दोषी पाया जाता हूं, तो मुझ पर भी कार्रवाई हो, इसके लिए मैं तैयार हूं। मैं जांच में पूर्ण सहयोग करूंगा।

स्कूल के छात्र ने ही बनाया था वीडियो स्कूल के क्लासरूम में बनाए गए एक वीडियो में छात्रों की पढ़ाई के लिए लगी एलईडी टीवी स्क्रीन पर अश्लील फिल्म चल रही है। स्क्रीन के पास एक छात्र खड़ा है। 13 छात्र कुर्सियों पर बैठे हैं। टेबल के पास बैठे कुछ छात्र अपने मोबाइल से स्क्रीन पर चल रही फिल्म का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। इसी दौरान, जब एक अन्य छात्र इनकी इस हरकत का वीडियो बनाता है, तो कुछ छात्र हंसते हुए अपना चेहरा छिपाते नजर आ रहे हैं।

विद्यार्थी परिषद की मांग- दोषियों पर कार्रवाई हो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सुठालिया नगर स्थित पीएम श्री स्कूल में अश्लील वीडियो देखे जाने की घटना को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना को लेकर बुधवार को अभाविप के कार्यकर्ता ने स्कूल पहुंचकर प्राचार्य से मुलाकात की और विद्यालय में चल रही अनियमितताओं को शीघ्र सुधरने को कहा। अभाविप ब्यावरा नगर मंत्री राकेश सोंधिया ने इस मामले को शर्मनाक बताते हुए कहा- मामले में त्वरित कार्रवाई होना चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

लोग बोले- स्कूल प्रबंधन की लापरवाही स्थानीय लोगों और पेरेंट्स ने इस मामले में कहा कि इस तरह की हरकत स्कूल के माहौल को न सिर्फ खराब करती है, बल्कि यह विद्यार्थियों के भविष्य पर भी गलत असर डाल सकती है। घटना के समय स्कूल स्टाफ कहां था? एलईडी स्क्रीन जैसी सुविधाएं पढ़ाई के लिए दी जाती हैं, लेकिन उन पर नियंत्रण न होना प्रबंधन की लापरवाही है। अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल में अनुशासन बहाल करने की मांग की है।