शाजापुर में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को पब्लिक ने घेर लिया। लोग विद्युत ट्रांसफॉर्मर जलने और लाइट चले जाने से नाराज होकर प्रदर्शन कर रहे थे। हल्की बारिश के बीच भी उन्होंने चक्काजाम कर दिया था।
कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे।
मामला मोहन बड़ोदिया में शनिवार शाम का है। लोगों का गुस्सा देखते हुए मंत्री गोविंद सिंह ने मौके से ही बिजली कंपनी के अधिकारी को फोन लगाया। उन्होंने अधिकारी को कहा कि अगर यहां लाइट गई तो आपको सस्पेंड करवा देंगे, समझ गए न। सुनो ध्यान से, मैं यहां चक्काजाम खुलवा रहा हूं।
अधिकारी ने 3 घंटे में ट्रांसफॉर्मर लगाने का भरोसा दिलाया, तब जाकर लोगों ने वहां से मंत्री को निकलने दिया।
मंत्री गोविंद सिंह आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे चक्काजाम होने से कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह अपने काफिले के साथ करीब आधे घंटे तक यहां फंसे रहे। अधिकारी के आश्वासन के बाद भी लोगों ने चेतावनी दी कि अगर दिए गए समय के अंदर ट्रांसफॉर्मर नहीं लगा तो रात में फिर से चक्काजाम करेंगे। पूर्व जनपद सदस्य मंजू शर्मा ने बताया तीन घंटे का समय बिजली कंपनी को दिया है, तीन घंटे में विद्युत ट्रांसफॉर्मर नहीं आया तो फिर से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

रात में जल गया था ट्रांसफॉर्मर बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात 12 बजे 200 केवीके का यह ट्रांसफॉर्मर पुरानी कृषि उपज मंडी में जला था। लेकिन बिजली कंपनी के कर्मचारियों तुरंत ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला। अधिकारी ने सुबह कार्यवाही करने का बोला। इसी से नाराज होकर लोगों ने चक्काजाम कर दिया।

इस दौरान मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए।