
कोरोना वायरस की दूसरी लहर से इस समय पूरा देश लड़ रहा है. दिन पर दिन कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं. अस्पताल मरीजों से भरे हुए हैं. हर कोई दवाई, बेड और ऑक्सीजन जुटाने की कोशिश में लगा हुआ है. ज्यादातर राज्यों में लॉकडाउन लगा दिया गया है. इसी बीच बड़ी खबर आ रही है कि कोरोना के कारण दिल्ली कैपिटल्स के स्टार गेंदबाज आर अश्विन आईपीएल के 14वें सीजन से हट गए हैं.
अश्विन ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने ट्वीट करके कहा कि मैं कल से (मंगलवार) इस साल के आईपीएल से ब्रेक ले रहा हूं. मेरा परिवार कोविड 19 के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है और मैं इस मुश्किल समय में उनका साथ देना चाहता हूं. यदि चीजें सही दिशा में जाती है तो मैं वापसी की उम्मीद करता हूं.अपने इस ट्वीट के साथ अश्विन ने दिल्ली कैपिटल्स टीम को धन्यवाद दिया है.
गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस बार नए कप्तान Rishabh पंत की कप्तानी में टूर्नामेंट में उतरी है और टीम का अब तक का प्रदर्शन शानदार रहा है. टूर्नामेंट के पहले DC के नियमित कप्तान श्रेय्यर के कंधे में चोट लग गई थी इसके बाद पंत को कप्तानी सौंपी गई थी. टीम ने अब तक खेले गए पांच मैचों में से चार में जीत हासिल की है और आठ अंकों के साथ वह चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैंलेजर्स बेंगलोर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर है. वैसे नेट रन रेट के मामले में दिल्ली की टीम इस समय दूसरे स्थान पर है.
दिल्ली कैपिटल्स टीम ने रविवार को खेले गए अपने मैच में ही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सुपर ओवर में रोमांचक जीत दर्ज थी. दिल्ली कैपिटल्स की टीम में पृथ्वी शॉ, कप्तान पंत, मार्कस स्टोइनिस और शेमरन हेटमायर के अलावा स्टीव स्मिथ, अजिंक्य रहाणे जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं. गेंदबाजी में भी यह टीम कम नहीं है और कागिसो रबाडा, आवेश खान, अक्षर पटेल और अमित मिश्रा जैसे खिलाड़ी हैं.