कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर पहुंच गए हैं. वे यहां से रायबरेली में हुई दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने आए हैं. हालांकि, हरिओम के परिवार ने राहुल गांधी से मिलने से साफ इनकार कर दिया. परिवार का कहना है कि वे सरकार से संतुष्ट हैं और किसी तरह की राजनीति नहीं चाहते.

हरिओम वाल्मीकि के परिवार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने से इनकार कर दिया.
दरअसल, रायबरेली में 2 अक्टूबर को दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद प्रदेश सरकार ने एक्शन लिया और मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी गई.
अब जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी परिवार से मिलने जा रहे हैं, तब हरिओम के छोटे भाई शिवम वाल्मीकि ने साफ कहा है कि वे राहुल गांधी या किसी भी राजनीतिक दल के नेता से नहीं मिलेंगे.
शिवम ने कहा, मेरे भाई की हत्या रायबरेली में हुई थी. मेरे यहां सरकार के दो कैबिनेट मंत्री आए थे। उन्होंने आर्थिक मदद दी है और हमारे परिवार को सरकारी नौकरी दी गई है. मैं सरकार से संतुष्ट हूं. मेरे यहां राहुल गांधी या किसी और पार्टी के नेता राजनीति करने ना आएं.
परिवार के इस रुख के बाद राहुल गांधी की यात्रा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

इस बीच, फतेहपुर जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि मृतक की बहन कुसुम देवी को अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय में आउटसोर्स स्टाफ नर्स के रूप में नियुक्त किया गया है.
राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी फतेहपुर पहुंचने वाले हैं.