राजपूत समाज के अंतर्राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन का शुभारंभ

 

महाराणा प्रताप के जयघोष एवं राजपूत एकता जिंदाबाद
के बीच हुआ अंतर्राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन का शुभारंभ
मात्र 3 घंटे मंे ही सोशल मीडिया पर डेढ़ लाख से अधिक व्यू मिले, आज इंजीनियर देंगे परिचय

इंदौर, 14 जनवरी। महाराणा प्रताप के जयघोष एवं राजपूत एकता जिंदाबाद के जोशीले नारों के बीच अ.भा. क्षत्रिय महासभा वाकानेर के तत्वावधान में आज से अंतर्राष्ट्रीय राजपूत युवक-युवती वैवाहिक ऑनलाईन परिचय सम्मेलन का मेन्युअल शुभारंभ वैशाली नगर स्थित कार्यालय पर हुआ। सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम को शुभारंभ होने के तीन घंटे की अवधि में ही डेढ़ लाख से अधिक व्यू मिल गए। इस सम्मेलन के लिए 15 देशों और 22 राज्यों से अब तक 18 हजार 500 पंजीयन मिल चुके हैं जबकि इतने ही प्रत्याशी प्रतीक्षा सूची में शामिल है। समाज के उच्च शिक्षित प्रत्याशियों के लिए इस तरह का डिजिटल परिचय सम्मेलन पहली बार हो रहा है जो 30 जनवरी तक ऑनलाईन रहेगा।
वैशाली नगर स्थित कार्यालय पर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा. विजयसिंह परिहार की अध्यक्षता में प्रदेशाध्यक्ष रामवीर सिंह सिकरवार, महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अंजना सिंह राजावत, जिला अध्यक्ष दुलेसिंह राठौड़ ने जोशीले नारों के बीच दीप प्रज्जवलन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत सम्मेलन संयोजक सतीशसिंह देवड़ा और विजयसिंह सोनगरा, संगठन मंत्री आशुतोष शेखावत, राजबहादुर सिंह कुशवाह, दीपक राजपूत, सिद्धार्थ सिसोदिया, गोविंद सिंह परिहार आदि ने किया। शुभारंभ के पश्चात देश-विदेश में बैठे राजपूत समाज के प्रतिनिधियों ने जूम संगोष्ठी के माध्यम से इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया। कोरोना और लाकडाउन जैसे हालातों के बावजूद इस तरह घर बैठे योग्य जीवनसाथी की तलाश का यह आयोजन अनूठा है। संगोष्ठी में महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्रसिंह तंवर, महिला अध्यक्ष सीमा राणा एवं अन्य प्रदेशों के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। संचालन महिला जिला अध्यक्ष सुहानी सिंह ने किया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ब्राम्हण मैत्री संघ के अध्यक्ष अनमोल तिवारी एवं सचिव आशुतोष दुबे का शॉल-श्रीफल से सम्मान भी किया गया। इनके तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन में ही यह आयोजन चलेगा।
महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा. विजयसिंह परिहार ने बताया कि सम्मेलन में पंजीयन के लिए राजपूत ब्याह डॉट कॉम एवं डिजिटल बुक तथा इंटरनेशनल राजपूत आर्गनाईजेशन मोबाइल एप पर भी संपर्क किया जा सकता है। किसी तरह की तकनीकी सहायता के लिए हेल्प लाइन नंबर 79995-26632 पर भी संपर्क कर मदद ली जा सकेगी। शुक्रवार 15 जनवरी को सबसे पहले इंजीनियर्स एवं आईटी प्रोफेशनल अपना परिचय देंगे। रविवार 17 जनवरी को सीए, बैंकर्स और अपने व्यवसाय में स्थापित प्रत्याशी परिचय देंगे। बुधवार 20 जनवरी को डाक्टर्स और मेडिकल प्रोफेशनल तथा फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े प्रत्याशी, 23 को पुनः इंजीनियर्स, एमबीए और आईटी प्रोफेशनल्स, 27 को पुनर्विवाह या दूसरे विवाह वाले प्रत्याशी तथा 30 जनवरी को खुला मंच आयोजित होगा, जिसमें अब तक वंचित रह गए प्रत्याशी शामिल होंगे। 14 से 30 जनवरी की अवधि में 16, 18, 19, 21, 22, 24 से 26 तथा 28 एवं 29 जनवरी का समय संबंधित प्रत्याशियों को सूचना देने के लिए रखा गया है। इस सम्मेलन में भाग लेने वाले ऐसे प्रत्याशियों का परिचय विशेष रूप से अलग से दिया जाएगा, जो बिना दहेज शादी करने के इच्छुक होंगे।
संलग्न चित्र – अंतर्राष्ट्रीय राजपूत परिचय सम्मेलन का शुभारंभ करते समाज के पदाधिकारी।

(दुलेसिंह राठौड़)
जिला अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *