एक्ट्रेस रकुलप्रीत पहुंचीं दिल्ली HC, कहा- मीडिया कवरेज पर लगे रोक, हो रही है छवि खराब करने की कोशिश

बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती ड्रग जांच मामले में नया मोड़ आ गया है। रिया चक्रवर्ती से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की पूछताछ में नाम सामने आने के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुलप्रीत सिंह ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। HC में दायर याचिका में रकुलप्रीत सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि रिया चक्रवर्ती ड्रग जांच मामले में नाम आने के बाद मीडिया ट्रायल हो रहा है। याचिका में एक्ट्रेस ने कोर्ट से गुजारिश की है कि वह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को निर्देश दे कि उनके खिलाफ मीडिया में कवरेज न हो या मीडिया ट्रायल पर रोक लगे। मीडिया कवरेज रोकने के पीछे उन्होंने अपनी याचिका में तर्क दिया है कि इससे उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है।
रकुलप्रीत के वकील ने बताया कि रकुलप्रीत को एक शूटिंग के दौरान पता चला कि रिया चक्रवर्ती ने ड्रग्स लेने के लिए उसका और सारा अली खान का नाम लिया है. इसके बाद मीडिया ट्रायल शुरू हो गया. उसके घर पर मीडिया वाले पहुंच गए हैं और उसे परेशान किया जा रहा है. वकील ने कहा कि इस मामले में कोर्ट को दखल देना चाहिए. याचिका में अभिनेत्री ने कहा है कि एक मीडिया ट्रायल आर्टिकल 21 के तहत मेरे अधिकारों का उल्लंघन है. वकील ने कहा कि कोर्ट इस बावत निर्देश जारी करे कि मीडिया को किसी भी अदालत में विचाराधीन मामले के विवरण को चलाने की अनुमति नहीं हो.

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा- “आज हम क्या कर सकते हैं? क्या आपने सूचना प्रसारण मंत्रालय से शिकायत दर्ज की है? हो सकता है कि मीडिया उत्तेजित हो रहा हो, लेकिन हम क्या कर सकते हैं?” इस पर रकुल के वकील ने कोर्ट से कहा, “मेरे खिलाफ निंदनीय और अपमानजनक सामग्री का प्रसारण रोकने के लिए आदेश जारी करें.” इस पर जस्टिस चावला ने कहा, “SC ने भी इस मीडिया अभियान के मुद्दे को अन्य मामलों में नोट किया है, वे स्वयं को विनियमित नहीं कर रहे हैं, हम क्या करें?”

 

बाद में बेंच ने केंद्र सरकार, NBA और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया को नोटिस जारी कर मामले में पक्ष रखने को कहा है. हालांकि, अदालत ने कहा कि यह आशा की जाती है कि मीडिया हाउस और टीवी चैनल रकुलप्रीत के संबंध में कोई भी रिपोर्ट बनाते समय प्रोग्राम कोड और अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *