
कानपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है. कानपुर के खपरा मोहाल फ्लाईओवर को चूहों ने कुतर दिया. 40 करोड़ की लागत से बने इस फ्लाईओवर को चूहों ने खोखला कर दिया. फ्लाईओवर अबतक तीन बार धंस चुका है. बार बार धसने की वजह तलाशी गयी और जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि फ्लाईओवर को चूहों ने खोखला कर दिया. इस वजह से फ्लाईओवर धंस गया.
मिली जानकारी के मुताबिक कानपुर के खपरा मोहाल फ्लाईओवर को चूहों ने कुतर डाला. जब तकनीकी टीम ने जांच की तो पता चला कि बगल में ही रेलवे गोदाम है. वहां से चूहे कई महीनों से यहां आ रहे हैं. कोरोना काल के दौरान जब हर तरफ सन्नाटा पसरा था. तब चूहों ने खूब आतंक मचाया. चूहों ने सबसे पहले फ्लाईओवर के रैंप में दोनों तरफ से कई छेद किए और अंदर ही अंदर रास्ता बना लिया. उसके बाद वह धीरे-धीरे में रैंप को कुतरने लगे. जब अगस्त के महीने में बारिश हुई तो राम की सड़क धंस गई. जिसके बाद जांच पड़ताल की गई तो चूहों का कारनामा सबके सामने आ गया.
संयुक्त प्रबंध निदेशक सेतु निगम राकेश सिंह ने कहा कि सेतु निगम की टीम ने बार-बार खपरा मोहाल पुल की धंस रही सड़क की जांच की है. जांच रिपोर्ट के मुताबिक चूहों की वजह से ही पुल का रैंप खोखला हो गया और बारिश में पानी अंदर जाने से बालू बह गई. इससे सड़क धंस गई. उन्होंने कहा कि अब कैंट बोर्ड को ही मरम्मत करना होगा क्योंकि सेतु निगम पुल बनाकर जिम्मेदार विभाग को सौंप देता है. उन्होंने कहा कि रैंप की बालू बहकर खपरा मोहाल की सर्विस लेन पर बहने लगी थी. सेतु निगम ने मामूली मरम्मत कर पुल को चालू कर दिया है.