RBI ने अब इस बैंक का लाइसेंस किया रद्द,कहा- काम काज का तरीका खराब; जमाकर्ताओं का क्या होगा?

भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा कि उसने कोल्हापुर के सुभद्रा लोकल एरिया बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया है. बैंक जिस तरीके से काम कर रहा था, उससे मौजूदा और भविष्य के जमाकर्ताओं के हितों को नुकसान पहुंच सकता था. आरबीआई की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बैंक ने वित्त वर्ष 2019-20 की दो तिमाहियों के दौरान न्यूनतम नेट वर्थ से जुड़ी अनिवार्यता का अनुपालन नहीं किया है.

ग्राहकों को मिलेगा अपना पैसा
आरबीआई ने जारी एक बयान में कहा कि बैंक ने वित्त वर्ष 2019-20 की दो तिमाहियों में न्यूनतम नेटवर्थ की शर्त का उल्लंघन किया है. बयान के अनुसार हालांकि, सुभद्रा लोकल एरिया बैंक के पास जमाकर्ताओं का पैसा लौटाने के लिये पर्याप्त नकदी है.

कामकाज का तरीका लोगों के हित में नहीं
आरबीआई ने कहा कि जिस तरीके से बैंक काम कर रहा था, अगर उसे उसी तरीके से उसके परिचालन की अनुमति दी जाती तो जन हित पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता. प्रबंधन की काम करने की प्रकृति वर्तमान और भविष्य के जमाकर्ताओं के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली थी.

बैंकिंग गतिविधियों पर रोक
बयान में कहा गया है कि सुभद्रा लोकल एरिया बैंक को दिया गया लाइसेंस 24 दिसंबर 2020 को बैंक कारोबार बंद होने के बाद से रद्द किया जा रहा है. आरबीआई ने कहा है कि लाइसेंस कैंसल होने के बाद बैंक पर तत्काल प्रभाव से बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट के तहत किसी भी तरह की बैंकिंग या कोई अन्य कारोबार करने पर रोक लग गई है. इससे वह कोई भी बैंकिंग गतिविधियां नहीं कर पाएगा. आरबीआई बैंक के परिसमापन के लिए हाई कोर्ट के समक्ष आवेदन देगा.

दिसंबर में इस बेंक पर भी हुई थी कार्रवाई
बता दें कि आरबीआई ने इसी महीने महाराष्ट्र के कराड जनता सहकारी बैंक लिमिटेड का लाइसेंस भी कैंसल कर दिया था. RBI ने सहकारी बैंक के पास पर्याप्त पूंजी नहीं होने और भविष्य में आमदनी से जुड़ी अनिश्चितताओं को देखते हुए इस सहकारी बैंक का लाइसेंस कैंसल किया था. केंद्रीय बैंक ने कहा था कि बैंक के 99 फीसद से अधिक जमाकर्ताओं को डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन से पूरी जमा राशि मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *