रेड अलर्ट

निचले इलाकों में पानी भरने के बाद सभी दफ्तर बंद, ठाणे में एक शख्स की मौत; रेड अलर्ट के साथ हाईटाइड की चेतावनी

मुंबई में भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह से कई इलाकों में सड़कों पर गाड़ियां फंसी देखी जा रही हैं।
बीएमसी ने सभी गैर जरूरी सरकारी दफ्तर और प्राइवेट ऑफिस बंद रखने को कहा
मौसम विभाग ने आज मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है

मुंबई और आसपास के इलाकों में देर रात से भारी बारिश हो रही है। इससे मंगलवार सुबह जनजीवन अस्त-व्यस्त देखा जा रहा है। शहर के निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है। सप्ताह का कामकाजी दिन होने के कारण ऑफिस जाने वालों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। बीएमसी ने सभी गैर जरूरी सरकारी दफ्तर और प्राइवेट ऑफिस बंद रखने को कहा है।

मौसम विभाग ने दोपहर 12.45 बजे मुंबई के समुद्र में हाईटाइड की चेतावनी जारी की। इस दौरान समुद्र में चार मीटर ऊंची लहरें नजर आएंगी। एहतियातन लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है और समुद्री किनारों से दूर रहने को कहा है। अगर इस दौरान शहर में बारिश होती है तो स्थित गंभीर बन सकती है।

मुंबई के इन इलाकों में भरा पानी
मुंबई में हिंदमाता, दादर, टीटी किंग्स सर्किल, सायन, चेंबुर, अंधेरी, सांताक्रूज और दूसरे निचले इलाकों में पानी भर गया है। सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अंधेरी अंडरपास को बंद कर दिया गया है। मुंबई शहर के कोलाबा में रात एक बजे तक लगभग 269 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि उपनगरीय इलाके सांताक्रूज में 87 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

ठाणे में एक शख्स की मौत
मुंबई के पास ठाणे में बारिश की वजह से एक शख्स की मौत हो गई। दरअसल, टीएमसी स्ट्रीट में ओवाला हनुमान मंदिर के पास बिजली के एक खंभे में करंट आ गया, जिसकी चपेट में आकर एक शख्स की मौत हो गई।

महाराष्ट्र के इन शहरों में भी भारी बारिश
मुंबई के अलावा, महाराष्ट्र के ठाणे, पुणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *