
इंदौर में NEET की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी शहडोल के धनपुरी नगर पालिका के CMO को जमानत मिल गई। लेकिन, इसके पीछे जो वजह सामने आई है, वह दिलचस्प रही। दरअसल, अदालत ने तो सीएमओ को जेल भेजने के आदेश ही दिए। पर मामला तब पलट गया जब पीड़िता और उसकी मां कोर्ट पहुंच गई। सीएमओ के वकील ने दलील दी कि हमारा पक्षकार सात दिन के अंदर शादी कर लेगा..
लिखित में देने के बाद कोर्ट ने सशर्त जमानत मंजूर कर ली। बाद में कोर्ट से वह परिवार के साथ शहडोल के लिए रवाना हो गया। स्टूडेंट द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने शहडोल गई थी। यहां आरोपी धनपुरी में अपने वकील से बात करने का हवाला देता रहा। लेकिन एमआईजी थाने के पुलिसकर्मी उसे गिरफ्तार कर इंदौर ले आई थी। यहां आरोपी ने अधिकारियों से भी मदद की गुहार लगाई थी। लेकिन उन्होंने भी कोर्ट में अपना पक्ष रखने की बात कही।
पुलिस की एफआईआर छात्रा ने दिया सिलसिलेवार ब्योरा…
19 साल की छात्रा ने एमआईजी पुलिस से धनपुरी सीएमओ प्रभात बरकड़े द्वारा दिए गए धोखे और धमकाने की कहानी कुछ इस तरह बताई…।
मैं भंवरकुआ के एक होस्टल में रहती हूं। मूल रूप से बालाघाट की रहने वाली हूं। प्रभात बरकड़े भी बालाघाट का ही रहने वाला है। मैं 2021 में नीट की तैयारी के लिए इंदौर आ गई थी। यहीं मेरी उससे पहचान हुई। मई-जून 2022 की बात है। मुझे तारीख ठीक से याद नहीं है।
प्रभात बरकड़े ने इंडस्ट्री हाउस के पास पूजा अपार्टमेंट में अपने दोस्त भूपेन्द्र राहगंडाले के फ्लैट पर मुझे मिलने बुलाया। फ्लैट पर पहुंची तो मेरे और प्रभात के अलावा वहां कोई नहीं था। प्रभात ने मर्जी के खिलाफ संबंध बनाए। उस समय मैं नाबालिग थी।
मेरे इनकार करने पर प्रभात ने मुझे भरोसा दिलाया कि वह मुझसे प्यार करता है। शादी करना चाहता है। मैंने प्रभात की बात पर विश्वास कर लिया। इसके बाद हम रिलेशनशिप में आ गए। यहां से शादी का झांसा देकर प्रभात बार-बार संबंध बनाता रहा।
मैं जब भी उसे घरवालों से शादी की बात करने के लिए कहती तो वह टाल देता। करीब 2 साल तक ऐसा चलता रहा। एक दिन मैंने शादी की बात करने के लिए बुलाया। प्रभात से कहा कि वह फाइनल बता दे शादी करेगा या नहीं। तब उसने कहा कि वह घर जा रहा है। अपने परिवार से शादी की बात करेगा।
कुछ दिन बाद मार्च 2024 में प्रभात ने शादी की बात लिए मुझे जबलपुर में देवलाल मंदिर के पास द ग्रैंड होटल में बुलाया। यहां प्रभात ने शादी की बात पर विवाद किया। मुझे गालियां दी। थप्पड़ मारते हुए कहा कि मुझसे शादी करने की तेरी हैसियत नहीं है। अगर यह बात किसी को बताई तो जान से खत्म कर दूंगा।
मैं वहां से वापस इंदौर आई। यहां से अपने माता-पिता को पूरी बात बता दी। इसके बाद मम्मी-पापा इंदौर आए। प्रभात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सबूत के तौर पर प्रभात के मैसेज और कॉल डिटेल सीनियर अधिकारियों को दिखाए। जांच के बाद पुलिस ने प्रभात बरकड़े पर केस दर्ज किया था।
पिता की मौत के बाद मां को मिली अनुकंपा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रभात के पिता गवर्नमेंट जॉब पर थे। सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। प्रभात की मां को बाबू के पद पर अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। नौकरी लगने के बाद से प्रभात भी कई प्रशासनिक पदों पर रहा। प्रभात का एक छोटा भाई है। जो अभी पढ़ाई कर रहा है।