क्या लंदन में बसने जा रहा है अंबानी का परिवार, रिलायंस ने बताई सच्चाई

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी के परिवार सहित लंदन में बसने की खबरें सामने आ रही हैं। इस मामले पर अब रिलायंस इंडस्ट्रीड ने सच्चाई बताई है। शुक्रवार की शाम को इसे लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से एक बयान जारी किया गया। इस बयान में अंबानी के विदेश बसने की खबरों को पूरी तरह से निराधार और अफवाह करार दिया गया है।

इस बयान में कहा गया कि एक अखबार में छपी एक हालिया रिपोर्ट के चलते सोशल मीडिया पर अंबानी परिवार के आंशिक तौर पर लंदन के स्टोक पार्क में रहने को लेकर निराधार अनुमान लगाए जा रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज यह साफ करना चाहती है कि चेयरमैन और उनके परिवार की लंदन या दुनिया में कहीं और बसने की योजना नहीं है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड समूह की कंपनी आरआईआईएचएल ने स्टोक पार्क स्टेट का हाल ही में अधिग्रहण किया है। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस संपत्ति का अधिग्रहण इसके गोल्फ और स्पोर्ट रिजॉर्ट को और बेहतर करने के लिए किया गया। इसके लिए स्थानीय नियामकों और निर्देशों का पूरी तरह से पालन हो रहा है।

कंपनी ने कहा है कि इस अधिग्रहण से समूह के तेजी से बढ़ते उपभोक्ता कारोबार में इजाफा होगा। साथ ही यह विश्व स्तर पर भारत की मशहूर हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री का भी विस्तार करेगा।

रिपोर्ट में किया गया था ये दावा
रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी परिवार को लंदन में स्थानांतरित करने की योजना बना रहे हैं। इसमें बताया गया है कि उन्होंने लंदन के बकिंघमशायर, स्टोक पार्क में एक 300 एकड़ की संपत्ति ली, जहां वे परिवार के साथ बसेंगे। रिपोर्ट के अनुसार अंबानी ने इस साल की शुरुआत में स्टोक पार्क की संपत्ति 592 करोड़ रुपये में खरीदी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *