विश्व कप के बाद विराट छोड़ेंगे वनडे और टी20 की कप्तानी, इस बड़ी वजह से लिया फैसला

भारतीय क्रिकेट टीम के अंदर सफेद बॉल क्रिकेट के लिए आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन होने की संभावना है। ऐसा माना जा रहा है कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अक्तूबर और ऩवंबर में खेले जाने वाले टी-20 विश्व कप के बाद सीमित ओवरों की क्रिकेट से इस्तीफा दे सकते हैं। वहीं टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा को वनडे और टी-20 का कप्तान बनाए जाने की संभावना है। विराट कोहली ने इस मुद्दे पर रोहित और टीम मैनेजमेंट से ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद लंबी बात की है. टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले 17 अक्टूबर से 14 नवंबर तक यूएई और ओमान में होने हैं.

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, विराट कोहली पिता बनने के बाद बल्लेबाजी पर फोकस करने के लिए यह कदम उठा सकते हैं. सूत्र ने कहा, ‘विराट इसकी खुद घोषणा करेंगे. उनका मानना है कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करने और दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने के लिए वापस जाने की जरूरत है.’ रोहित शर्मा अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 5 बार आईपीएल का खिताब दिला चुके हैं. दूसरी ओर कोहली ने बतौर कप्तान अब तक एक भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है. इसके अलावा वे आईपीएल का खिताब भी नहीं जीत सके हैं.

धोनी को मिली है अहम जिम्मेदारी:- अगले महीने से होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूर्व कप्तान एमएस धोनी को अहम जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें टीम का मेंटॉर बनाया गया है. कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया 2017 चैंपियंस ट्रॉफी, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उतरी. लेकिन एक भी खिताब नहीं जीत सकी. ऐसे में उन्हें मदद करने के लिए धोनी को टीम के साथ जोड़ा गया है.

8 साल से ट्रॉफी का इंतजार:-टीम इंडिया को 8 साल से आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार है. टीम ने अंतिम बार 2013 में एमएस धोनी की ही कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी. धोनी ने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्राॅफी तीनों के खिताब दिलाए हैं. इतना ही नहीं वे चेन्नई सुपर किंग्स को तीन बार आईपीएल का टाइटल भी दिला चुके हैं.

तीन साल में तीन वर्ल्ड कप:-अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के अलावा अगले 2 साल भी वर्ल्ड कप होने हैं. 2022 में टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने हैं. इसके बाद 2023 में भारत में वनडे वर्ल्ड कप के मुकाबले होने हैं. ऐसे में रोहित शर्मा को टीम के साथ पूरी तरह तैयार होने का समय मिल जाएगा. इस कारण रोहित को जल्द कप्तान बनाने की कवायद चल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *