IND vs SA: रोहित शर्मा के टेस्ट सीरीज से हटने के बाद विराट कोहली वनडे सीरीज से हटे! क्या टीम में सबकुछ ठीक है?

भले ही व्हाइट बॉल कप्तानी संभालने के बाद रोहित शर्मा , इस फॉर्मेट में विराट कोहली  के 5 साल के कार्यकाल का बखान करते दिखें. भले ही वो ये कहें कि उन्हें सफेद गेंद वाले क्रिकेट में विराट की कप्तानी में खेलकर मजा आया. लेकिन, क्या विराट भी उनकी कप्तानी में खेलना चाहते हैं. साउथ अफ्रीका दौरे पर रवानगी से पहले जो हालात उत्पन्न हुए हैं, वो कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है. पहले रोहित शर्मा टेस्ट सीरीज से बाहर हुए और फिर ये खबर भी आई कि विराट कोहली वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे. विराट ने वनडे सीरीज से हटने के अपने फैसले से BCCI को भी अवगत कराया है.

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विराट ने बोर्ड को यह जानकारी दी है कि 11 जनवरी को उनकी बेटी वामिका का पहला बर्थडे है और वह उसे अपने परिवार के साथ मनाना चाहते हैं। वजह जो भी हो, लेकिन फैन्स का मानना है कि अभी विराट रोहित की कप्तानी में नहीं खेलना चाहते हैं। विराट के वनडे सीरीज से हटने से पहले रोहित दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए। बीसीसीआई ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर इस बात की सूचना देते हुए कहा कि रोहित प्रोटियाज टीम के खिलाफ तीन टेस्ट की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए है, क्योंकि मुंबई में टीम के नेट सेशन के दौरान उनके बाएं पैर की मांसपेशियों की पुरानी चोट उभर आई, साथ ही उनके हाथ में भी चोट लग गई।

19 जनवरी से शुरू होनी है वनडे सीरीज
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 19 जनवरी से हो रही है, जबकि टेस्ट सीरीज 15 जनवरी को समाप्त हो जाएगी। इस वनडे सीरीज में रोहित पूर्ण रूप से विराट की जगह कप्तानी संभालेंगे। अब विराट के वनडे सीरीज से हटने से यह साफ हो गया है कि फैन्स को विराट को रोहित की कप्तानी में देखने के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। रोहित ने अब तक 10 वनडे मैचों में टीम की कमान संभाली है और इसमें से आठ बार टीम को जीत दिलाई है। बड़ी बात यह है कि अब तक रोहित को उन्हीं मैच में कप्तानी करने का मौका मिला था, जब चोट या आराम की वजह से विराट टीम में मौजूद नहीं थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *