
सिम्बा और सूर्यवंशी के बाद अब जल्द ही रोहित शेट्टी औ ररणवीर सिंह नए प्रोजेक्ट के लिए साथ आ रहे हैं। रोहित जल्द ही 1982 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म अंगूर की रीमेक बनाने की तैयारी में हैं जिसके लिए उन्होंने पहले ही रणवीर सिंह को फाइनल कर लिया है।
सूत्र बताते हैं कि फिल्म में रणवीर का दोहरा किरदार होगा जिसमें वह पूजा हेगड़े और जैकलीन फर्नांडिस दोनों ही अभिनेत्रियों के साथ नजर आएंगे। रणवीर के लिए ये दोनों ही अभिनेत्रियां नई हैं। उन्होंने अभी तक इनके साथ कोई फिल्म नहीं की है। पूजा और जैकलीन के किरदारों को लेखक ने काफी अच्छे ढंग से लिखा है। दोनों की कहानियां अलग-अलग होंगी और फिल्म में विवाद पैदा करेंगी। इसी से फिल्म में कॉमेडी का तड़का लगेगा।
धीरे-धीरे रोहित फिल्म की सब चीजों को तैयार करते जा रहे हैं लेकिन फिलहाल उन्होंने इसका शीर्षक नहीं सोचा है। फिल्म की पटकथा भी पूरी तरह से तैयार नहीं है। रोहित अपना पूरा ध्यान केंद्रित करके इस फिल्म को बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। रोहित के दिमाग में इस क्लासिक कॉमेडी फिल्म से प्रेरित होकर एक फिल्म बनाने का विचार काफी दिन से चल रहा था लेकिन वह अपनी पुलिस फ्रेंचाइजी की एक नई दुनिया बनाने के चक्कर में इस पर काम नहीं कर पा रहे थे।
वर्ष 2015 में रोहित ने इस फिल्म में मुख्य किरदार निभाने के लिए अभिनेता शाहरुख खान को चुना था। लेकिन, तब अपनी ही फिल्मों में व्यस्त होने की वजह से रोहित ठीक से इस फिल्म को वक्त नहीं दे पाए। और फिर शाहरुख खान से भी इस किरदार को लेकर बातचीत ठीक से बनी नहीं। इसलिए, रोहित ने अपने इस प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया। लॉकडाउन के इस दौर में जब घर बैठे रोहित को मौका मिला तो उन्होंने अपने इस प्रोजेक्ट को फिर से बाहर निकाला और तैयारियां शुरू कर दीं।
फिल्म के लिए अभिनेता और अभिनेत्रियों का चयन उन्होंने जरूर कर लिया है लेकिन अभी तक उनकी ओर से इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हो सकता है कि जल्द ही वह इसकी घोषणा भी कर दें और साथ ही शूटिंग भी शुरू हो जाए! रोहित और रणवीर ने वर्ष 2018 में आई फिल्म ‘सिंबा’ में एक साथ काम किया है। इसके अलावा रणवीर रोहित की अगली फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में अजय देवगन के साथ एक्सटेंडेड कैमियो करते हुए भी दिखेंगे। इस फिल्म में अक्षय कुमार और कटरीना कैफ मुख्य भूमिकाओं में हैं।
बात करेंगे अगर अभिनेत्री पूजा हेगड़े की तो वह इस समय तेलुगू स्टार प्रभास के साथ अपनी फिल्म ‘राधेश्याम’ को पूरा करने में लगी हुई हैं। हाल ही में उनके जन्मदिन पर इस फिल्म का उनका फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया है। उधर, जैकलिन फर्नांडिस भी जॉन अब्राहम और रकुल प्रीत सिंह के साथ फिल्म ‘अटैक’ में नजर आने वाली हैं। लक्ष्यराज आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म इसी साल 14 अगस्त को रिलीज होने वाली थी। लेकिन, कोरोना वायरस की वजह से फिलहाल इसकी रिलीज टल गई। अब निर्माता इसकी नई तारीख की घोषणा करेंगे।