Russia Ukraine War: रूसी मिसाइल से मात्र दो सेकंड में गिरी यूक्रेन के खारकीव शहर की प्रशासनिक इमारत, देखें वीडियो

रूसी मिसाइल यूक्रेन में किस कदर कहर बरपा रही हैं, यह इस वीडियो से देखा जा सकता है। रूस यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है। यहां की एक प्रशासनिक इमारत रूसी मिसाइल हमले में मात्र दो सेकंड में धराशायी हो गई। इमारत पर मिसाइल अटैक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी दुनिया भर में निंदा हो रही है। रूसी सेना की ओर से अब प्रशासनिक और रिहायशी इमारतों पर भी हमले किए जा रहे है, जिसे युद्ध के नियमों और मानवाधिकार के खिलाफ माना जा रहा है।

 

खारकीव के हेड ओलेग सेनगुबोव ने भी प्रशासनिक इमारत के रूसी हमले में गिरने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आज रूसी हमले का छठा दिन है और अब प्रशासनिक और रिहायशी इमारतों पर भी रूस की ओर से हमले किए जा रहे हैं। सेनगुबोव ने कहा कि रूस ने GRAD और क्रूज मिसाइलों के जरिए खारकीव पर हमला बोल दिया है। वह युद्ध अपराधों को अंजाम दे रहा है, लेकिन हमारी सेनाएं डटी हुई हैं और रूस का कड़ा मुकाबला किया जा रहा है। खारकीव के अलावा रूसी सेना ने राजधानी कीव की भी घेरेबंदी कर ली है। कहा जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की ओर से किसी भी वक्त बड़ा हमला किया जा सकता है।

कीव में सिर्फ एयर रेड सायरन का शोर, खाली हुआ शहर:-कीव में लगातार एयर रेड सायरन बज रहे हैं। पूरा शहर लगभग खाली सा हो गया है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग निकल गए हैं, जबकि युवाओं की एक बड़ी संख्या शहर में रूसी सेना से मुकाबले के लिए रुकी हुई है। सैटेलाइट इमेजेस के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रूस का 64 किलोमीटर लंबा सैन्य काफिला लगातार कीव की ओर बढ़ रहा है। यह काफिला कीव से महज 25 किलोमीटर ही दूर है। ऐसे में किसी भी वक्त कीव पर घातक हमला हो सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *