रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी को विमान यात्रा के दौरान चाय में मिलाकर जहर दे दिया गया। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के धुर विरोधी नवलनी इस समय कोमा में हैं और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। नवलनी की प्रवक्ता कीरा यारम्यश ने यह जानकारी दी है। कीरा ने कहा कि गुरुवार को नवलनी काम से साइबेरिया गए थे और वहां से मास्को लौट रहे थे।
प्लेन में बैठने से पहले ठीक थे नवाल्नी
प्लेन में नवाल्नी के साथ मौजूद रहे पैसेंजर पैवेल लेबडेव ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि सफर शुरू होने से पहले तक नवाल्नी बिल्कुल ठीक थे। वे फ्लाइट टेक ऑफ होने के कुछ देर बाद टॉयलेट गए, लेकिन वापस नहीं लौटे। जब उन्हें टॉयलेट से निकाला गया तो वे दर्द में तड़प रहे थे। पैवेल लैबडेव ने एयरपोर्ट के कैफे में नवाल्नी के साथ चाय पीते हुए अपनी फोटो भी पोस्ट की है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम के लिए जाने जाते हैं
वे पुतिन के खिलाफ खुलकर बोलते रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने 2018 में पुतिन के खिलाफ राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए नॉमिनेशन भी फाइल किया था। हालांकि, धोखाधड़ी के मामले की वजह से उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई थी। नवाल्नी ने आरोपों से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ बोलने की वजह से उन पर आरोप लगाए गए।