सागर में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग ने एक मासूम की जान ले ली। मोतीनगर थाना क्षेत्र के गोला कुआं के पास बारात में अचानक चली गोली बैंड बजा रहे 15 वर्षीय बच्चे विवेक बंसल के सीने में जा धंसी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।
बारात में गोली लगने से हुई नाबालिग की मौत।
पुलिस के मुताबिक, मोतीनगर स्थित सागर सरोज मैरिज गार्डन में सोनी परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। बारात गोला कुआं से गार्डन की ओर बढ़ रही थी। बैंड पार्टी सबसे आगे चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने कट्टे से फायर कर दिया।
गोली सीधे विवेक के सीने में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलते ही नाचते-गाते बारातियों में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
देखिए तस्वीरें

बच्चे को गोली लगने की खबर मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई

जैसे ही डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित किया, परिवार के लोग रोने लगे।

घटना के समय किन्नर समाज के लोग भी थे, उन्होंने आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया।

पुलिस ने घटना को लेकर परिजनों से पूछताछ की।

संवेदनशील हिस्से में लगी गोली, अधिक खून बह गया
विवेक के साथी उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर कर दिया गया। हालांकि, बीएमसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली सीने के बेहद संवेदनशील हिस्से में लगी थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना स्थल से वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे ड्रोन कैमरों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि ड्रोन फुटेज से यह साफ हो जाएगा कि गोली किसने और किस नीयत से चलाई थी।
इकलौते बेटा था, परिजनों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
विवेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बैंड बजाकर घर की आर्थिक मदद करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल और थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर वे शांत हुए।
साथी ने कहा- अचानक आवाज आई और विवेक गिर पड़ा
विवेक के साथी खिलान बंसल ने बताया कि वे लोग सामान्य तरीके से बैंड बजाते हुए आगे बढ़ रहे थे। अचानक आवाज आई और विवेक गिर पड़ा। पहले किसी को समझ ही नहीं आया कि गोली चली है। बाद में खून देखकर हड़कंप मच गया।
सीएसपी ललित कश्यप के अनुसार नाबालिग की गोली लगने से मौत हुई है। आरोपी की पहचान हो चुकी है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।