
अपने बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को लेकर चौंकाने वाला बयान दे दिया है. बुधवार को साक्षी महाराज लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे. कन्नौज के सौरिख इलाके में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि ओवैसी को यूपी में खुदा ताकत दें. उन्होंने बिहार में बीजेपी की मदद की, यूपी में करने आए हैं और बंगाल में भी मदद करेंगे
बता दें कि ओवैसी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की. इस दौरान सबसे पहले उन्होंने सपा के गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ का दौरा किया था. इसके अलावा वह जौनपुर भी गए थे.
उत्तर प्रदेश से पहले बिहार में भी ओवैसी ने अपनी जबरदस्त एंट्री से चुनाव के सारे समीकरणों को बदल दिया था. कई चुनावी विश्लेषकों ने माना था कि ओवैसी के जाने से बिहार में एनडीए को फायदा हुआ और महागठबंधन बहुमत के आंकड़े से दूर रह गया. कई राजनीतिक दल ओवैसी को बीजेपी की बी टीम भी करार दे चुके हैं.
औवेसी का सीधे सपा के गढ़ में कदम रखने और उसके बाद साक्षी महाराज के इस तरह की बयानबाजी से विरोधी दलों को मौका मिल गया है, जिसके बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि राज्य की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज होने वाला है.