
ज्वेलरी शोरूम पर काम करने वाले सेल्समैन ने लालच में आकर चोरी करना शुरू कर दी। वहां रखे असली जेवर वो चुरा लेता और उनकी जगह बाजार से वैसे ही नकली जेवर बनवाकर रख देता। इसकी भनक शोरूम वालों को लगी तो सेल्समैन चुराए माल के साथ इंदौर से भाग गया।
उसने मुंबई-गोवा जाकर जेवर बेच दिए और होटल में रहकर अय्याशी करने लगा। रुपए खत्म हुए और परिवार की याद आई तो वो वापस इंदौर अपने घर लौटा। यहां आते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सेल्समैन ने कैसे जेवर चोरी किए, कितने का माल चुराया, कब से वो शोरूम पर काम कर रहा था। घटना किस शोरूम की है, जानिए सब कुछ सिलसिलेवार।
पहले जान लीजिए क्या है मामला
विजय नगर थाना पुलिस के अनुसार एबी रोड स्थित बिजनेस प्रिंसेस पार्क के ज्वेलरी शोरूम पर करीब 6-7 महीने पहले आशीष पिता मनोहर सिंह जाधव ने सेल्समैन के रूप में जॉइन किया था। यहां उसकी सैलरी 32 हजार रुपए थी।
कुछ महीने बाद आशीष शो केस से असली जेवर चुराने लगा और उनकी जगह वो ही प्राइस टैग लगाकर नकली जेवर रखने लगा। इस तरह उसने सोने के 7 जेवर चुरा लिए। जेवर बेचने के दौरान जब अन्य सेल्समैन को शक हुआ तो जांच करवाई गई, जिसमें आशीष की पोल खुल गई। जांच में जेवर नकली पाए गए और फिर शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो सब कुछ साफ हो गया।
ज्वेलरी शोरूम प्रबंधन ने आरोपी आशीष के खिलाफ विजय नगर थाने में केस दर्ज करवाया, लेकिन चोरी पकड़ में आने की भनक लगते ही आशीष फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
चोरी के जेवर आशीष ने गोवा, मुंबई और मुरादाबाद में बेच दिए और रुपयों से अय्याशी करने लगा। होटल में रुकता और इधर-उधर घूमता-फिरता। उसने गोवा-मुंबई में रहकर ही फरारी काटी। हाल ही में जब वो वापस अपने घर इंदौर लौटा तो पुलिस ने उसे धर लिया।
आरोपी जिन व्यापारियों से नकली जेवर बनवाता था, उनके बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
7 में से 3 आइटम बरामद हुए
विजय नगर थाना प्रभारी रवींद्र गुर्जर ने बताया कि ज्वेलरी शोरूम के प्रबंधक द्वारा थाने पर एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। उनके शोरूम में काम करने वाला सेल्समैन आशीष जाधव डेढ़ महीने में सोने के 7 आइटम की चोरी कर चुका था।
जो सोने के आइटम चोरी करता था, उसकी जगह बेनटैक्स के नकली जेवर रख देता था। माल बेचते समय जब शोरूम प्रबंधक को पता चला कि ये जेवर नकली है तो, उन्होंने पुराने फुटेज खंगालना शुरू किए, तब पता चला कि उनका सेल्समैन आशीष ही चोरी कर रहा है और असली जेवर चुराकर उनकी जगह नकली जेवर रख देता है।
केस दर्ज होने के बाद से ही आशीष फरार चल रहा था। आशीष जब इंदौर में बंगाली चौराहे स्थित अपने घर लौटा तो उसे गिरफ्तार कर लिया। चोरी किए गए सोने के 7 आइटम में से 3 आइटम उसके पास से बरामद कर लिए हैं। 4 आइटम उसने महाराष्ट्र और गोवा में बेच दिए। पुलिस रिमांड लेकर उन आइटम को रिकवर करने जाएगी।
जानिए कैसे और कहां से बेनटैक्स का माल बनवाता था आरोपी
टीआई के अनुसार आरोपी आशीष शोरूम से पहले असली जेवर के फोटो खींच लेता था और फिर सराफा जाकर व्यापारी को वो फोटो दिखाकर हूबहू नकली जेवर बनाने के लिए कहता, बेनटैक्स के नकली जेवर बनने के बाद उन्हें शोरूम लाकर असली जेवर से रिप्लेस कर देता।
इस तरह उसने 7 सोने के आइटम शोरूम से चोरी कर लिए और किसी को भनक तक नहीं लगने दी। पुलिस अब सराफा के उन व्यापारियों से भी पूछताछ करेगी, जहां से आरोपी आशीष बेनटैक्स का माल बनवाकर लाता था।
चार लाख का माल चुराया
विजय नगर थाना प्रभारी रवीन्द्र गुर्जर के अनुसार आरोपी सेल्समैन ने करीब 4 लाख का माल शोरूम से चुराया था। आरोपी का अभी कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। इंदौर में बंगाली क्षेत्र में आरोपी अपने माता-पिता और पत्नी-बच्चे के साथ रहता था। परिवार वालों की याद आने और पैसा खत्म होने पर वह घर लौटा था। हमने मुखबिर लगा रखे थे। जैसे ही वो घर लौटा उसे गिरफ्तार कर लिया।