संघम शरणं भाजपा संगठन… कौशल किशोर चतुर्वेदी

संघम शरणं भाजपा संगठन…
मध्यप्रदेश भाजपा की संगठनात्मक नियुक्तियाँ पूरी तरह से संघ की लाइन पर आगे बढ़ती जा रही हैं। भाजपा संगठन के इस हेमंत खंडेलवाल युग में
नियुक्तियों का यह कोई नया नहीं है लेकिन इस टीम में जो चेहरे सामने आ रहे हैं वह ताजगी भरे अवश्य नजर आ रहे हैं। एक तरफ चेहरों का नयापन भी है तो दूसरी तरफ अनुभवी चेहरों को भी संगठन में पूरी तरह से शामिल होने का अवसर मिल रहा है। दोनों ही तरह की नियुक्तियों में एक बात कॉमन है कि पृष्ठभूमि पूरी तरह से संघ में रंगी-बसी नजर आ रही है।
22 नवंबर 2025 को हेमंत खंडेलवाल की टीम में पांच नए चेहरों को जगह मिली है। इसमें मनोरंजन मिश्रा, जितेंद्र लिटोरिया और आशुतोष तिवारी को प्रभारी के रूप में संगठनात्मक नियुक्ति प्रदान की गई। मनोरंजन मिश्रा और जितेन्द्र लिटोरिया वह नाम हैं जो पिछले काफी समय से भारतीय जनता पार्टी में उपेक्षा का शिकार थे। हालांकि
उपेक्षित होने से पहले यह पार्टी की अपेक्षाओं पर लगातार खरे उतरते रहे थे। और जिस तरह से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सहज और सरल शब्दों में अपनी बात रखी थी कि
समर्पित और मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को काम करने का पूरा अवसर मिलेगा, तो इन नियुक्तियों में भी
उनके उस संकल्प की झलक मिल रही हैं। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर अश्विनी परांजपे राजवाड़े और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर श्याम टेलर की नियुक्ति भी संघ को समर्पित
उम्मीदों से भरे चेहरों के रूप में देखी जा सकती है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में रह चुके यह चेहरे अब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन
में अपनी भूमिकाओं की कसौटी पर खुद को साबित करेंगे।
अश्वनी पराँजपे राजवाड़े, भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हैं। इनके पूर्व दायित्व में
प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा भाजपा और पूर्व प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट के साथ पूर्व जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा जबलपुर जैसे पद शामिल हैं। वहीं वह अखिल भारतीय विधार्थी परिषद की राष्ट्रीय मंत्री भी रही हैं। तो शाजापुर निवासी श्याम टेलर भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हैं। इनके पूर्व दायित्वों में जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा, शाजापुर और राष्ट्रीय सदस्य अखिल भारतीय विधार्थी परिषद मुख्य रूप से शामिल हैं। मनोरंजन मिश्रा को प्रदेश मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं आशुतोष तिवारी को प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि जितेंद्र लिटोरिया को कार्यालय व्यवस्था प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष से बनने के बाद हेमंत खंडेलवाल ने कम से कम समय में संगठन में नियुक्तियों का काम पूरा किया था और अब शेष दायित्वों की भी पूर्ति की जा रही है। हेमंत खंडेलवाल की इस टीम को 2028 विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। ऐसे में संघ और समर्पण का यह भाव पदाधिकारियों के जरिए कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा का संचार कर सकता है। भारतीय जनता पार्टी पहले भी संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपती रही है और खंडेलवाल की टीम में अब संघम शरणं भाजपा संगठन झलक और ज्यादा दिख रही है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *