उज्जैन में एक बार फिर सांसी गिरोह ने बच्चों के जरिए चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस बार बदमाश ने दुल्हन की मां की साड़ी पर टमाटर की चटनी गिराकर ध्यान भटकाया और सोने के गहनों से भरे बैग से 2 लाख रुपए से अधिक की ज्वेलरी और 10 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। हालांकि आरोपी के घर से गुरुवार को सामान बरामद कर लिया गया।
1 नवंबर को बबिता जुनवाल (पति कमल जुनवाल) की बेटी प्रिया की शादी का रिसेप्शन तिरुपति गार्डन, मंगलनाथ रोड, उज्जैन में चल रहा था। बारात शारदा होम्स कॉलोनी, आगर रोड, उज्जैन से आई थी। समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन प्रिया मंच पर मौजूद थे।
इस दौरान बबिता अपनी बहू राखी के साथ गार्डन के अंदर कुर्सी पर बैठी थीं। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके ऊपर टमाटर की चटनी डाल दी। जब वे अपनी साड़ी साफ करने के लिए उठीं और थोड़ी देर बाद वापस लौटीं, तो उनका पर्स गायब था।
पर्स में सोने के 02 जोड़ी टॉप्स ,सोने का 01 नाक का काटा ,सोने का 01 मंगलसूत्र, चांदी की 01 जोड़ी पायल ,चांदी की 06 बिछिया ,नकद 10 हजार रुपए भी थे। चोर ज्वेलरी से भरा बेग चोरी कर ले गया था।
बच्चों से चोरी करवाया बैग
दुल्हन की मां की और थाना जीवाजीगंज में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद काली जैकेट पहने युवक और उसके साथ एक बच्चा दिखा, जो की महिला का बैग उठाकर फरार होता हुआ नजर आया।
राजगढ़ के सांसी गिरोह का आरोपी
जांच में युवक की पहचान राजगढ़, ग्राम गुलखेड़ी निवासी राज (पिता प्रहलाद सिसौंदिया, उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई। सूचना पर पुलिस टीम आरोपी के घर गुरुवार को दबिश देने गई, लेकिन पुलिस की उपस्थिति की भनक लगते ही वह फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के घर की कानूनी रूप से तलाशी ली, जिसमें चोरी के दिन का बैग बरामद हुआ। बैग की जांच में चोरी का लगभग 2 लाख रुपए किमत का माल मिला।
दबिश के बाद से आरोपी राज सिसौंदिया फरार है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना में थाना प्रभारी जीवाजीगंज निरीक्षक विवेक कनोडिया, प्रधान आरक्षक पीयूष मिश्रा और पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।