
सुशांत सिंह राजपूत के मामले में एक के बाद एक नये खुलासे हो रहे हैं. सीबीआई सुशांत के साथ संपर्क में रहे लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है. वहीं मनी लॉन्ड्रिंग और ड्रग का एंगल सामने आने के बाद ईडी और नारकोटिक्स ब्यूरो भी हरकत में आ गई है. बीते दिनों सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि सुशांत लड़कों के साथ महंगी ट्रिप पर गए थे. अब सुशांत के असिस्टेंट रह चुके साबिर ने इस ट्रिप को लेकर नया खुलासा किया है.
सुशांत की पीआर टीम और सारा थीं साथ
साबिर अहमद ने आज तक को दिए इंटरव्यू में बताया कि सुशांत इस ट्रिप पर कुशाल जावेरी, सिद्धार्थ गुप्ता, अब्बास, मुश्ताक, साबिर अहमद के साथ गए थे। उन्होंने बताया कि इस ट्रिप पर सुशांत की पीआरओ टीम और सारा अली खान भी साथ में थीं। उन्होंने बताया कि सभी एक प्राइवेट जेट से गए थे।
बैंकॉक के आलीशान होटल में रुके थे
साबिर आगे बताते हैं कि सुशांत, सारा और बाकी सारे लोग एक ही होटल में रुके थे। सभी लोग पहले दिन बीच पर घूमे फिर बाकी ट्रिप में सुशांत और सारा होटल में रहे और बाकी लोग घूमते रहे थे। साबिर ने बताया कि वे बैंकॉक के आलीशान आइलैंड होटल में रुके थे।
बीच में छोड़नी पड़ी थी ट्रिप
साबिर ने ये भी बताया कि सुनामी की घोषणा होने के बाद ट्रिप बीच में कैंसिल करनी पड़ी थी और उन्हें लौटना पड़ा था। फ्लाइट्स के टिकट नहीं थे तो मुश्ताक और साबिर को 1 महीने रुकना पड़ा था। सुशांत ने साबिर को सारे खर्चों के लिए अपना एटीएम दे दिया था। इसके बाद सैमुअल मिरांडा भी उनकी जरूरतों के हिसाब से मुंबई से पैसे भेजते रहे थे।
रिया ने किया था 70 लाख की ट्रिप का जिक्र
बता दें कि रिया चक्रवर्ती ने इंटरव्यू के दौरान कहा था कि सुशांत राजा की तरह जिंदगी जीते थे। वह अपने दोस्तों के साथ ट्रिप पर गए थे वहां उन्होंने 70 लाख रुपये खर्च दिए थे। वह उन आरोपों पर सफाई दे रही थीं जिनमें कहा जा रहा है कि रिया सुशांत के पैसे उड़ा रही थी।