वीरेंद्र सहवाग और सरदार सिंह ‘राष्ट्रीय खेल पुरस्कार’ चयन पैनल में शामिल

वीरेंद्र सहवाग और सरदार सिंह ‘राष्ट्रीय खेल पुरस्कार’ चयन पैनल में शामिल

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2020 के चयन पैनल में शामिल किया गया है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन दिए जाते हैं लेकिन कोरोना संकट के कारण इस बार पुरस्कार समारोह में विलंब हो सकता है। हालांकि इस मामले में अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 12 सदस्‍यीय चयन पैनल की शुक्रवार को घोषणा की जो देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगे।

मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं का चयन करने के लिए पिछले वर्ष की तरह इस बार भी एकल चयन समिति का गठन किया है। उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्‍त न्यायाधीश मुकुंदकम शर्मा इस समिति के अध्यक्ष होंगे।

चयन समिति में सहवाग के अलावा मोनालिसा बरुआ मेहता (टेबल टेनिस), दीपा मलिक (पैरा एथलेटिक्स), वेंकटेशन देवराजन (बॉक्सिंग), स्पोर्ट्स कमेंटेटर मनीष बताविया तथा खेल पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया को शामिल किया गया है।

समिति में खेल मंत्रालय के अधिकारियों साई के महानिदेशक संदीप प्रधान, संयुक्त सचिव (खेल विकास) एलएस सिंह और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम के सीईओ कमांडर राजेश गोपालन को शामिल किया गया है।

समिति के अध्यक्ष द्रोणाचार्य अवॉर्डियों के रूप में दो अतिरिक्त सदस्यों को आमंत्रित करेंगे जब द्रोणाचार्य पुरस्कार का चयन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *