वीरेंद्र सहवाग ने इस खिलाड़ी को बताया 10 करोड़ की चीयरलीडर

भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपील के 13वें सीजन के दौरान एक्टिव दिखे। वीरेंद्र सहवाग ने हर मैच के बाद रिव्यू किया और अब आइपीएल खत्म होने के बाद उन्होंने खिलाडियों के प्रदर्शन की समीक्षा की है। इसी कड़ी में वीरेंद्र सहवाग ने किंग्स इलेवन पंजाब के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को आइपीएल 2020 की चीयरलीडर बताया है।

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्सवेल को किंग्स इलेवन पंजाब ने 10 करोड़ की भारी-भरकम रकम के साथ अपनी टीम में रखा। उन्हें भरपूर मुकाबले भी खेलने को दिए गए लेकिन ये खिलाड़ी अपने स्तर के हिसाब से प्रदर्शन करने में असफल रहा। नतीजतन उन्हें चौतरफा आलोचना का सामना करना पड़ा। वीरेंद्र सहवाग भी उन आलोचकों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं। वीरू ने बेबाक अंदाज में मैक्सवेल की खिल्ली उड़ाई है।

‘वीरू की बैठक’, फ्लॉप खिलाड़ियों पर बरसे सहवाग
वीरेंद्र सहवाग इन दिनों एक सोशल मीडिया शो चला रहे हैं जिसका नाम ‘वीरू की बैठक’ है। इसमें वीरू अपने ही अंदाज में आईपीएल से लेकर क्रिकेट के सभी मुद्दों पर अपनी बेबाक राय सामने रखते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने उन 5 बड़े खिलाड़ियों की बात की जो इस बार आईपीएल में फ्लॉप साबित हुए। इनमें से ही एक हैं ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्सवेल।

वीरू ने अपनी पुरानी टीम किंग्स इलेवन पंजाब के ग्लेन मैक्सवेल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ग्लेन मैक्सवेल- ये 10 करोड़ का चीयरलीडर पंजाब को बहुत महंगा पड़ा। पिछले कुछ सालों में उनका आईपीएल रूटीन अच्छा नहीं रहा और इस बार उन्होंने इस मामले में अपने पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए। इसी को हम कहते हैं बेहद महंगी छुट्टियां जिसका खर्च भी उठाना नहीं पड़ा।’

मैक्सवेल के आंकड़े (IPL 2020)
आईपीएल 2020 में ग्लेन मैक्सवेल के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने इस बार 13 मुकाबले खेले जिसमें 3 विकेट लिए और कुल 108 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 32 रन का रहा। ऐसे आंकड़ों के बावजूद वो हर दूसरे मैच में दिखाई देते रहे। कप्तान केएल राहुल और कोच अनिल कुंबले ने इस दिग्गज को बार-बार मौके दिए थे। उन्हें इस सीजन में सिर्फ एक मुकाबले में बाहर बिठाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *