
शहर के वरिष्ठ पत्रकार लीलेश सातनकर ने मंगलवार देर रात सुसाइड कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 8 बजे उनके भाई ने इस घटना की सूचना दी। हालांकि आत्महत्या का कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर संवेदना जताई। पुलिस के अनुसार शव के पोस्ट के बाद जांच शुरू कर दी है।
मिला सुसाइड नोट
प्रधान आरक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि सबसे पहले उनके भाई ने सुबह 8 बजे के करीब उनको फांसी पर लटकते हुए देखा। जिसके बाद तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। संभावना जताई जा सकती है कि यह देर रात की घटना थी। मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपने बारे में बताया है साथ ही इसमें किसी का गलती या दोष नहीं है यह भी लिखा है, उन्होंने अपनी मर्जी से ऐसा किया है। थाना प्रभारी रोशन लाल भारती की माने तो उन्होंने सुसाइड नोट में अपने जीवन की कहानी भी बयां की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार श्री लीलेश सातनकर जी के निधन का स्तब्धकारी समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लिखा कि ‘भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार श्री लीलेश सातनकर जी का पूरा जीवन पत्रकारिता के माध्यम से कमजोर वर्ग के हितों की रक्षा में व्यतीत हुआ। आज उनके रूप में पत्रकारिता जगत ने अपने एक अमूल्य रत्न को खो दिया। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।’
