UP में सनसनी: पहले बहस में वकील ने जड़े थप्पड़, गुस्साए युवक ने चलाई गोली; वारदात CCTV में कैद, वीडियो वायरल

जनपद रामपुर के जिला पंचायत कार्यालय में बुधवार को दिनदहाड़े हुई वकील की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. इस घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज अब पुलिस जांच के बाद सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बुधवार को अधिवक्ता फारूख जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे थे. बताया गया कि उनकी पत्नी जिला पंचायत कार्यालय में कार्यरत हैं और फारूख उनसे मिलने गए थे. इसी दौरान कार्यालय में ही काम करने वाले आरोपी असगर अली से उनकी कहासुनी हो गई.

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई. आरोप है कि गुस्से में आकर असगर अली ने अधिवक्ता फारूख पर गोली चला दी. गोली लगते ही कार्यालय में अफरातफरी मच गई. घायल फारूख को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में वकील जिला अस्पताल पहुंच गए.

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामपुर और जिलाधिकारी रामपुर भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने मृतक फारूख का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया. अब पुलिस जांच के बाद आरोपी द्वारा गोली चलाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *