
कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2021 के अपने दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा. एक समय केकेआर ने जीत की उम्मीद जगा दी थी, मगर इसके बाद आखिरी के ओवर्स में मुंबई इंडियंस के गेंदबाज राहुल चाहर ने पूरा मैच ही पलट दिया. मुंबई के दिए 153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने एक समय बिना विकेट गंवाए 72 रन बना लिए थे, मगर 72 रन पर शुभमन गिल के आउट होने के बाद टीम बिखर गई और निर्धारित ओवर में 7 विकेट पर 142 रन ही बना पाई.केकेआर के लिए नीतीश राणा ने सबसे ज्यादा 57 रन और शुभमन गिल ने 33 रन बनाए. इनके अलावा कोई और बल्लेबाज दोहरे अंक को छू भी नहीं पाया. कोलकाता की इस हार से टीम के सह मालिक बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान काफी निराश हैं और उन्होंने सभी से माफी भी मांगी.

शाहरुख खान ने बीते दिन कोलकाता नाइटराइडर्स और मुंबई इंडियन्स के बीच हुए मैच को लेकर ट्वीट करते हुए लिखा, “निराशाजनक प्रदर्शन, मैं कोलकाता नाइटराइडर्स के सभी फैंस से माफी मांगता हूं.” बता दें कि मुंबई इंडियन्स और कोलकाता नाइटराइडर्स का यह मैच आखिरी ओवर तक गया था. केकेआर को जहां आखिरी ओवर में 15 रन चाहिए थे, लेकिन वह इसे नहीं बना पाए. एक समय पर तो ऐसा लग रहा था कि मानो केकेआर मैच जीत जाएगी, लेकिन आखिरी के पांच ओवर में मुंबई इंडियन्स से जबरदस्त वापसी की.शायद यही वजह है कि किंग खान को सबके सामने आकर माफी मांगनी पड़ी. केकेआर अभी तक दो मुकाबले खेल चुकी है. एक में जीत मिली तो एक में हार. पॉइंट टेबल में वह पांचवें नंबर पर है.
इससे इतर शाहरुख खान की बात करें तो किंग खान इन दिनों फिल्म ‘पठान’ की शूटिंग में बिजी हैं. फिल्म से जुड़ी काफी सूटिंग दुबई में हुई, जिससे जुड़ा वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. अपने एक वीडियो में तो शाहरुख खान कार की छत पर चढ़कर विलेन की धुनाई करते हुए दिखाई दे रहे थे. इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी. इसके अलावा शाहरुख खान, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ब्रह्मास्त्र में कैमियो करते हुए भी नजर आएंगे.