
मुंबई-गोवा क्रूज में चल रही हाईप्रोफाइल ड्रग्स पार्टी केस में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को एनसीबी ने लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। ड्रग्स मामले में एनसीबी ने आर्यन खान को रविवार को हिरासत में लिया और उनसे लगातार पूछताछ चल रही है ।खबरों की मानें तो आर्यन खान इन सबसे बुरी तरह टूट गए हैं और अब उनकी हिम्मत जवाब दे चुकी है। पूछताछ के दौरान आर्यन खुद को संभाल नहीं पाए और रोने लगे। एनसीबी सूत्रों के मुताबिक शाहरुख खान ने अपने बेटे आर्यन से फोन पर भी बात की। ये बातचीत करीब दो मिनट तक चली. आर्यन ने एनसीबी की मेस का ही खाना खाया. उन्हें बाहर का कोई भी खाना उपलब्ध नहीं कराया गया.
बता दें कि शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मुंबई में क्रूज़ से 8 लोगों को हिरासत में लिया था. बाद में रविवार को 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया. एनसीबी के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने इस्तेमाल के लिए ड्रग्स छिपाकर लेकर जाने की बात कबूली है.
4 साल से ले रहे हैं ड्रग्स
कहा जा रहा है कि आर्यन खान पूछताछ में लगातार रो रहे हैं. एनसीबी सूत्रों की माने तो शाहरुख खान और गौरी खान को इस बात की जानकारी थी कि उनका बेटा ड्रग्स का सेवन करता है. NCB की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आर्यन करीब 4 साल से ड्रग्स का सेवन कर रहे हैं. आर्यन ने भारत के बाहर ब्रिटेन, दुबई और दूसरे देशों में भी ड्रग्स का सेवन किया है.
क्या मन्नत पर भी पड़ेगा छापा?
एनसीबी सूत्रों की माने तो गिरफ्तारी की प्रक्रिया के बाद एनडीपीएस कानून में हर आरोपी के घर का भी सर्च का प्रावधान है. ऐसे में सवाल ये खड़ा होता है कि क्या सुपरस्टार शाहरुख खान के मुंबई स्थित मन्नत में एनसीबी सर्च ऑपरेशन करेगी. इस मामले में अभी छापेमारी की जा रही है और बड़ी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है. शाहरुख के बेटे आर्यन का सबसे करीबी दोस्त अरबाज मर्चेंट आखिर ड्रग्स कहां से लाता था इस बात की जानकारी एनसीबी को मिल चुकी है.
और किन लोगों से चल रही है पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों में मुनमुन धमीचा दिल्ली की मॉडल है जो बड़े ब्रांड के लिए मॉडलिंग करती हैं और वो चरस का सेवन कर रही थीं. गिरफ्तार इश्मित चड्ढा दिल्ली का एक बड़ा बिजनेसमैन है. वहीं गिरफ्तार मोहक जायसवाल का भी दिल्ली में बड़ा कारोबार है. गोमीत चोपड़ा जाना माना हेयर स्टाइलिस्ट है और दिल्ली के योजना विहार का रहने वाला है. जिसकी मां ने रविवार को अपने बेटे से मुंबई एनसीबी दफ्तर में मुलाकात भी की थी. आरोपी विक्रांत दिल्ली की प्राइवेट कंपनी में प्रोडक्टिविटी हेड के पद पर काम करता है.