
कोरोना वायरस का प्रकोप अब तक देशभर में जारी है, लेकिन राहत की बात ये है कि इसमें अब धीरे-धीरे कमी आ रही है. बात करें दिल्ली की, तो पिछले 24 घंटे में कोरोना मरीजों के 6456 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 262 लोगों की मौत हुई है. राजधानी में कोरोना संक्रमितों की दर एक फीसदी और घटकर 10 पर आ गई है. वहीं, कोरोना को देखते हुए देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक बार फिर लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर दिया है. लॉकडाउन एक हफ्ते और बढ़ाया गया है, जो कि 24 मई की सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा.इसी बीच बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने मजाक में अपने ट्विटर अकाउंट से अरविंद केजरीवाल को लेकर एक ट्वीट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
शत्रुघ्न सिन्हा अपने इस ट्वीट में लिखते हैं, “मैं इसे पूरे सम्मान के साथ कह रहा हूं. मेरे दोस्त और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल इसे केवल एक ह्यूमर (मजाक) के तौर पर ही लें”. उन्होंने लिखा, “एक चीज नोटिस किया है क्या..जब से कोरोना आया है..केजरीवाल झूठमूठ का भी नहीं खांस रहा है”. शत्रुघ्न सिन्हा के इस ट्वीट के बाद इस पर फैन्स की भी जमकर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं. जहां कुछ लोग एक्टर के ट्वीट का समर्थन करते दिखे, वहीं कुछ उनके विरोध में भी आ गए.
एक सोशल मीडिया यूजर ने शत्रुघ्न सिन्हा के ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए लिखा है, “बहुत घटिया..आपके स्तर से बहुत नीचे, बुढ़ापा हावी हो रहा, किसी और से चलवाइये ट्विटर”. तो वहीं एक दूसरे यूजर ने लिखा, “नोटिस करने वाली बात ये भी है की जब से कोरोना का दूसरा लहर आया…तब से ‘केजरीवाल’ को देखो उसने मास्क का इस्तेमाल कम कर दिया है और ‘मोदीजी’ को देखो ‘गमछा’ लपेटे हुए हैं.