
मशहूर फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने दावा किया है कि उनका हॉटशॉट्स से कोई लेना-देना नहीं है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने पति राज कुंद्र का भी बचाव किया है। शिल्पा ने कहा कि राज कुंद्रा के मोबाइल एप्लिकेशन पर सटीक कंटेंट की जानकारी नहीं थी। बॉलीवुड अदाकारा से मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने शुक्रवार को उनके पति राज कुंद्रा से जुड़े कथित पोर्न रैकेट के सिलसिले में पूछताछ की।न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस मामले से परिचित लोगों का हवाला देते हुए बताया कि शिल्पा शेट्टी ने कहा है कि उनके पति निर्दोष हैं और पोर्नोग्राफी से उनका कोई लेनादेना नहीं है।
शिल्पा शेट्टी ने आगे कहा कि यह लंदन स्थित वांछित आरोपी और राज कुंद्रा के बहनोई प्रदीप बख्शी थे जो ऐप और इसके कामकाज से जुड़े थे. शिल्पा ने दावा किया कि उनके पति निर्दोष हैं. बता दें कि पति पर पोर्नोग्राफी के आरोप लगने के बाद शिल्पा शेट्टी भी अलग-थलग दिखाई दे रही थीं. वे टीवी शो की शूटिंग पर भी नहीं जा रही हैं. इतना ही नहीं शिल्पा ने सोशल मीडिया पर भी अपनी गतिविधियों को कम कर दिया है.
शिल्पा शेट्टी की फिल्म हंगामा-2 कल शुक्रवार को ही रिलीज हुई है. शिल्पा ने हंगामा 2 के पोस्टर को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, साथ ही एक मैसेज में भी लिखा था. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे हंगामा 2 को जरूर देखें. वे अपने पोस्ट में लिखती हैं कि जो कुछ भी हो रहा है, उसका असर फिल्म पर नहीं पड़ना चाहिए. इससे पहले मामले में मुंबई पुलिस ने शिल्पा शेट्टी का शुक्रवार को बयान दर्ज किया था. पुलिस जानना चाहती है कि शिल्पा शेट्टी को उनके पति के इस कारोबार के बारे में पता था या नहीं. शिल्पा शेट्टी से उनके बंगले पर पांच घंटे तक पूछताछ हुई थी.
कोर्ट ने राज कुंद्रा को 27 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेजा है. कुंद्रा ने अपनी गिरफ्तारी को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है. इस मामले में पुलिस अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.