Shinzo Abe Assassination: शिंजो आबे ही नहीं, दुनिया के इन बड़े नेताओं की भी हो चुकी है सरेआम हत्या

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस वक्त हुई जब आबे एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। हमलावर ने उन्हें पीठ पर गोली मारी। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन घंटे बाद मृत घोषित कर दिया गया। आबे दुनिया के पहले ऐसे नेता नहीं हैं, जिनकी इस तरह से मौत हुई है। इसके पहले भी कई नेताओं की सरेराह हत्या हो चुकी है। इनमें तीन बड़े नाम तो भारत के ही हैं।

आइए जानते हैं दुनिया के उन  नेताओं के बारे में जिनकी इसी तरह की घटनाओं में हत्या हो गई…

1. महात्मा गांधी
भारत को आजादी दिलाने वाले महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें नाथूराम गोडसे नाम के शख्स ने नजदीक से गोली मार दी थी। महात्मा गांधी हमेशा अहिंसा के पक्षधर रहे। उनकी मौत की खबर ने भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया था।

2. इंदिरा गांधी
भारत के पहली और इकलौती महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या भी कुछ यूं ही हुई थी। इंदिरा गांधी को 31 अक्टूबर 1984 को उनकी ही सिक्योरिटी में लगे दो गार्डों ने मार डाला था। घटना के वक्त इंदिरा गांधी पीएम आवास स्थित गार्डन में थीं।

3. राजीव गांधी
इंदिरा गांधी की हत्या के करीब सात साल बाद उनके बेटे और देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की भी हत्या कर दी गई थी। ये बात 21 मई 1991 की है। राजीव उस वक्त तमिलनाडु में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। इसी दौरान हुए आत्मघाती हमले में उनकी जान चली गई।

4. बेनजीर भुट्टो
पाकिस्तान की प्रधानमंत्री रहीं बेनजीर भुट्टो की 27 दिसंबर 2007 में हत्या कर दी गई थी। घटना के वक्त भुट्टो रावलपिंडी में एक रैली कर रही थीं। आत्मघाती बम और गोलीबारी, बेनजीर को मारने के लिए दोनों तरीकों के इस्तेमाल की बात सामने आई।

5. अब्राहम लिंकन
ये बात 14 अप्रैल 1865 की है। अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की उस दिन हत्या कर दी थी। जब लिंकन पर हमला हुआ तब वह एक थिएटर की ओर जा रहे थे। इस हमले का आरोपी जॉन विल्क्स बूथ था।

6. जॉन एफ केनेडी
अमेरिका के 35वें राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी की हत्या भी कुछ ऐसे ही हुई थी। केनेडी की हत्या से पूरी दुनिया दहल गई थी। 22 नवंबर 1963 को अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी उत्तरी टेक्सास के शहर डलास में थे। अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी अपनी खुली कार में भारी सुरक्षा के बीच सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो गोलियां चलीं। एक गोली अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी के सिर में लगी और दूसरी उनकी गर्दन पर। हमले में केनेडी की मौत हो गई।

7. मार्टिन लूथर किंग
अमेरिका में सिविल राइट्स आंदोलन शुरू करने वाले मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्या भी गोली मारकर हुई थी। ये बात 4 अप्रैल 1968 की है। उस दौरान मार्टिन लूथर मेम्फिस में एक होटल की बालकनी में खड़े थे। तब जेम्स अर्ल रे नाम के शख्स ने उन्हें गोली मार दी थी।

8. यित्जाक राबिन
इस्राइल के प्रधानमंत्री यित्जाक राबिन की चार नवंबर 1995 को तेल अवीव में हत्या कर दी गई थी। राबिन उस वक्त इस्राइल और फलस्तीन के बीच शांति स्थापित करने के लिए काम कर रहे थे। वह दक्षिणपंती माने जाते थे। यित्जाक राबिन की हत्या के बाद से फलस्तीन से इस्राइल के रिश्ते और बिगड़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *