महाराष्ट्र में कांग्रेस-NCP का साथ छोड़ फिर BJP के साथ जाएगी शिवसेना? जानें उद्धव ठाकरे का जवाब

महाराष्ट्र में हाल के दिनों में पहले भाजपा और शिवसेना नेताओं की ओर से कुछ इस तरह के कुछ बयान आए हैं, जिसके बाद कहा जाने लगा कि दोनों दल फिर से साथ आ सकते हैं। हालांकि शिवसेना के प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ऐसे किसी संभावना को खारिज कर दिया है। ठाकरे की ओर से कहा गया है कि महाराष्ट्र में शिवेसना की सरकार कांग्रेस और एनसीपी के साथ ही चलेगी। मंगलवार को शिवसेना-भाजपा के साथ आने की अटकलों पर हुए सवाल पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, मैं अभी भी अजित पवार (एनसीपी नेता) और बालासाहेब थोराट (कांग्रेस नेता) के साथ बैठा हूं। मैं साफ कर दूं कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। शिवसेना-भाजपा के एक साथ आने की अटकलों पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने यह जवाब दिया है।

सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। इसे काला दिवस कहा जा रहा है, लेकिन क्या केंद्र लोकतंत्र को सफेद करता है जब वे दबाव बनाने की कोशिश में जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करते हैं।

आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पहले प्रदेश कांग्रेस चीफ ने कहा कि आगे से उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी और उसके बाद रविवार को देवेंद्र फडणवीस ने भी यह बयान दिया कि शिवसेना बीजेपी की दुश्मन नहीं है। इसके बाद से ही एक बार फिर से अटकलें शुरू हो गई थीं कि दोनों पूर्व सहयोगी पार्टियां एक बार फिर से साथ आ सकती हैं।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी हालिया बैठक और भाजपा और शिवसेना के फिर से एक साथ आने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा था, ”राजनीति में कोई ‘किंतु परंतु’ नहीं होता है। परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिए जाते हैं।” वह महाराष्ट्र विधानमंडल के मॉनसून सत्र की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था, ”भाजपा और शिवसेना दुश्मन नहीं हैं, हालांकि मतभेद हैं। स्थिति के अनुसार उचित निर्णय लिया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा, ”हमारे दोस्त (शिवसेना पढ़ें) ने हमारे साथ 2019 का विधानसभा चुनाव लड़ा। लेकिन चुनाव के बाद उन्होंने (शिवसेना) उन्हीं लोगों (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस) से हाथ मिला लिया जिनके खिलाफ हमने चुनाव लड़ा था।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *