
दिवंगत एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के अचानक निधन ने टीवी इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड गलियारे को भी झकझोक कर रख दिया है. सिद्धार्थ शुक्ला आज हमारे बीच नहीं रहे.
बताया जा रहा है कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है. सिद्धार्थ शुक्ला अपने काम के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खासे एक्टिव रहते थे और देश दुनिया की खबरों पर अपनी राय रखते थे. सिद्धार्थ शुक्ला ने आखिरी बार 24 अगस्त को इंस्टाग्राम पर एक अपनी तस्वीर पोस्ट की थी और फ्रंटलाइन वर्कर्स को धन्यवाद दिया था.

सिद्धार्थ शुक्ला इस पोस्ट में एक तख्ती लिए नजर आ रहे हैं, जिस पर लिखा है #TheHeroesWeOwe. इस फोटो में सिद्धार्थ मैरून कलर की शर्ट में मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं. यह पोस्ट सिर्फ एक हफ्ते पुरानी है. सिद्धार्थ शुक्ला ने लिखा है: “सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स को दिल से धन्यवाद. आप अपने लाइफ को जोखिम में डालते हैं, अनगिनत घंटे काम करते हैं और उन मरीजों को आराम देते हैं, जो अपने परिवारों के साथ नहीं हो सकते. आप वास्तव में सबसे बहादुर हैं. फ्रंटलाइन में रहना आसान नहीं है, लेकिन हम वास्तव में आपकी कोशिशों की सराहना करते हैं.”
सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद से ही उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट जमकर वायरल हो रहा है. और फैन्स उनकी सराहना कर रहे हैं. सिद्धार्थ शुक्ला को लेकर दुखी करने वाली खबर पर लगातार रिएक्शन आ रहे हैं. उन्हें आखिरी बार वेब सीरीज ‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल’ में नजर आए थे, और उनकी एक्टिंग तथा स्टाइल को भी फैन्स का खूब प्यार मिला था. सिद्धार्थ शुक्ला को रियलिटी किंग कहना भी गलत नहीं होगा. वह खतरों के खिलाड़ी के भी विनर रहे थे, और बिग बॉस 13 के भी.