क्या ये कोरोना की तीसरी लहर के संकेत हैं? केरल में 10 दिन में 12000 से अधिक मामले

हेल्थ एक्सपर्ट लगातार देश में तीसरी लहर के आने की आशंका जता रहे हैं। देश में जहां कोरोना के मामलों में कमी देखने को मिल रही है तो वहीं दूसरी ओर केरल में लगातार कोविड में मामलों में उछाल देखने को मिला है। केरल के सक्रिय केसों में पिछले 10 दिनों में लगभग 12,000 मामलों की वृद्धि हुई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि केरल में सक्रिय केस लोड 28 जून को 96,012 थे, जो 7 जुलाई को लगभग 1.08 लाख हो गये. इसके अलावा, 5 जुलाई से, सक्रिय केस लोड में लगभग 7,300 मामलों की वृद्धि हुई है. इसके विपरीत देश के अन्‍य इलाकों में कोरोना वायरस महामारी  की दूसरी लहर कम होती दिख रही है. कुछ लोगाें ने इसे कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर बताया है.

CNN-News18 द्वारा विश्लेषण किए गए आंकड़ों के अनुसार, केरल में रिपोर्ट किए गए दैनिक मामले 28 जून से लगभग दोगुने हो गए हैं. जबकि राज्य में 28 जून को 8,063 नए मामले दर्ज किए गए थे, तो बुधवार को दैनिक मामले बढ़कर 15,600 हो गए. राज्य ने पिछले 10 दिनों में संक्रमण के 1.23 लाख के करीब मामले दर्ज किए हैं. इसी अवधि में 1.01 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं.

केरल का कुल कोविड टोल 2 महीने से भी कम समय में दोगुने से अधिक हो गया है. सरकारी आंकड़े बताते हैं कि कोरोना वायरस से होने वाली मौतों के मामले में, 28 जून से, राज्य में कम से कम 1,119 मौतें हुई हैं. केरल के कुल कोरोना वायरस टोल दो महीने से भी कम समय में दोगुने से अधिक हो गए हैं. 16 मई को राज्य में मरने वालों की संख्या 6,339 थी, जो 16 जून को बढ़कर 11,508 हो गई. वर्तमान में मृत्यु संख्या 14,108 है.

केरल ने जनवरी 2020 में भारत के पहले कोरोना वायरस मामले की सूचना दी थी. देश में संक्रमण को महामारी घोषित किए जाने से पहले ही, कोरोना वायरस की पहली और दूसरी लहर के दौरान केरल देश के सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक रहा है.

इस बीच, भारत ने पिछले 10 दिनों में दैनिक और सक्रिय कोरोना वायरस मामलों में गिरावट दर्ज की है. 28 जून से 7 जुलाई के बीच देश के सक्रिय केस लोड में 1.13 लाख से अधिक की गिरावट आई है, जबकि दैनिक मामले 46,148 से घटकर 43,733 हो गए हैं. पिछले 10 दिनों में देशभर में करीब 7,500 लोगों की मौत हो चुकी है. भारत में कुल कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 4.05 लाख हो गई है. गुरुवार की सुबह, भारत का सक्रिय केस लोड 4.60 लाख था, क्योंकि 45,892 ताजा मामले सामने आए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *