फादर्स डे पर पिता के साथ सीएम मोहन यादव के कुछ पल, पैसे मांगे तो पिता ने सीएम को थमा दी 500 के नोटों की गड्डी; जाना हाल-चाल – देखे VIDEO

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को फादर्स डे पर पिता पूनमचंद यादव से मुलाकात की। सीएम ने पैसे मांगे तो उन्होंने 500 रुपए के नोटों की गड्‌डी निकालकर थमा दी। सीएम ने एक नोट रखा और बाकी लौटा दिए। इसी दौरान पिता ने सीएम बेटे को ट्रैक्टर सुधरवाने का बिल थमा दिया।

सीएम ने उनसे पूछा- बैंक में कितने पैसे हैं? इस बात पर दोनों हंस दिए। मुख्यमंत्री ने पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उनसे कहा कि ट्रैक्टर सुधारने में जो खर्च हुआ है, वे दे देंगे। उन्हें पिता ने बताया कि 4 लाख 86 हजार रुपए गिर गए थे, वापस भी मिल गए।

सीएम बोले- कुटुंब परंपरा भारत की देन

मीडिया से चर्चा में सीएम ने फादर्स डे की बधाई देते हुए कहा, ‘कुटुंब और परिवार परंपरा दुनिया के लिए अद्वितीय है। भारत की देन है। हमारे ऋषि-मुनियों ने रिसर्च कर विद्या के बलबुते पर अपनी संस्कृति को बढ़ाया है।’ सीएम शनिवार से उज्जैन में हैं। वे यहीं से ग्वालियर रवाना हुए थे। शनिवार रात लौट आए और निवास पर रात्रि विश्राम किया। आज सुबह पिता से मुलाकात की। इस दौरान बड़े भाई नारायण यादव भी साथ थे।

पैसे मांगने पर पिता ने सीएम को 500 के नोट की गड्‌डी दी। सीएम ने एक नोट अपने पास रखा और बाकी लौटा दिए।

पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा शुरू की

मुख्यमंत्री ने उज्जैन में ‘पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा’ के संचालन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, ‘मध्यप्रदेश सरकार लगातार हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए लगी है। खासकर हमारे यहां जो धार्मिक, ऐतिहासिक, पौराणिक पर्यटन के केंद्र हैं, वहां यात्री सुगमता से यात्रा करें, इसके लिए आज दो ज्योतिर्लिंग के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की गई है। उज्जैन, ओंकारेश्वर, भोपाल, इंदौर से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हुई है, आने वाले समय में यह सेवा और बढ़ेगी। आज फादर्स डे है, हम सब बाबा महाकाल के पुत्र हैं, ऐसे में बाबा महाकाल के चरणों में यह सेवा समर्पित है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *