
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने मंगलवार को खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने 22 बार अपना कोरोना टेस्ट करवाया है. गांगुली ने बताया कि पेशेवर प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए पिछले साढ़े चार महीनों में उन्होंने लगभग 22 कोविड-19 जांच कराई हैं.
गांगुली ने एक वर्चुअल मीडिया कॉन्फ्रेंस में ‘लिविंगार्ड एजी’ के ब्रांड दूत के तौर पर कहा, ‘मैं आपको बताऊं कि पिछले साढ़े चार महीनों में मैंने 22 बार कोरोना जांच कराई है और एक बार भी पॉजिटिव नहीं आया। मेरे आस पास के लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे, इसलिए शायद मुझे कोरोना परीक्षण कराने पड़े।’
बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, ‘मैं अपने वृद्ध माता पिता के साथ रहता हूं और मैंने दुबई की यात्रा की। शुरू में मैं काफी चिंतित था, खुद के लिए नहीं, बल्कि समुदाय के लिए, आप किसी को संक्रमित नहीं करना चाहते। ’’ गांगुली ने कहा, ‘मैंने सुना कि मुंबई और दिल्ली में संख्या बढ़ी है, इसलिये हमें थोड़ा सतर्क रहना होगा और सुनिश्चित करना होगा कि सबकुछ क्रम में रहे, इसलिए हम इस पर नजर रखेंगे।’