दक्षिण अफ्रीका को COVID-19 वैक्सीन चोरी होने का डर, सीक्रेट जगह पर करेगा स्टोर : रिपोर्ट

कोरोनावायरस  महामारी के बीच दुनियाभर में COVID-19 वैक्सीन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. भारत में दो वैक्सीन को आपात इस्तेमाल की अनुमति मिलने के बाद अब कई देश वैक्सीन के लिए भारत की ओर देख रहे हैं. इस बीच, दक्षिण अफ्रीका की सरकार अगले कुछ हफ्तों में भारत से मिलने वाली कोरोना वैक्सीन  की 15 लाख खुराक को एक गुप्त जगह  पर छिपाकर रखेगी. दरअसल, सरकार को वैक्सीन के चोरी होने का डर है. एक मीडिया रिपोर्ट में यह बात कही गई है.

दक्षिण अफ्रीकी स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता पोपो माजा के हवाले से वीकली सिटी प्रेस ने लिखा है कि वैक्सीन को ब्लैक मार्केट में ऊंची कीमत पर बेचने के लिए चुराए जाने का खतरा है. ऐसे में वैक्सीन को गुप्त स्थल पर स्टोर किया जाएगा और अस्पताल, क्लिनिकों में वितरित किया जाएगा जो इसे स्टोर कर सकते हैं. उन्होंने चोरी की चिंता के पीछे आधार बताते हुए कहा कि जिन देशों ने पहले से ही वैक्सीन लगानी शुरू कर दी है, उन देशों ने वैक्सीन की बड़ी चोरी को लेकर आगाह किया है. इसका ध्यान रखते हुए ही हम इसे गुप्त स्थान पर स्टोर करेंगे.

 

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका की संसद में पिछले हफ्ते स्वास्थ्य मंत्री ज्वेली मखाइज  ने भारत से एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन की 15 लाख डोज बुक करने की जानकारी दी थी. इनमें से 10 लाख डोज इसी महीने मिलने की उम्मीद है. अन्य 5 लाख डोज फरवरी महीने में मिलने की उम्मीद है. दक्षिण अफ्रीका में कोरोना की दूसरी लहर है और देश में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में दक्षिण अफ्रीका की सरकार ने भी वैक्सीनेशन में स्वास्थ्यकर्मियों का प्राथमिकता देने का ऐलान किया है.

दक्षिण अफ्रीकी नियामकों से अप्रूव नहीं है वैक्सीन:-दक्षिण अफ्रीका को भारत से जो वैक्सीन मिलनी है, उसे वहां के नियामकों ने अप्रूव नहीं किया है. इसे लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने संसद में चिंता व्यक्त की थी. उन्होंने साथ ही कहा था कि स्वास्थ्य विभाग के साथ ही दक्षिण अफ्रीकी स्वास्थ्य उत्पाद नियामक प्राधिकरण (एसएएचपीआरए) की टीमों ने यह सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया कि वैक्सीन को रोल आउट करने में कोई अनावश्यक देरी न हो. उन्होंने एस्ट्राजेनेका और सीरम इंस्टीट्यूट की वैक्सीन को कई देशों में मंजूरी मिलने और उपयोग शुरू करने पर खुशी जताई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *