कोरोना वायरस : यूके स्ट्रेन के बाद अब साउथ अफ्रीका और ब्राजील स्ट्रेन की भी भारत में हुई एंट्री

दिसंबर महीने में देश में कोरोना वायरस  के यूके स्ट्रेन  की एंट्री हुई थी. वायरस के इस नए स्वरूप के बारे में यह जानकारी है कि फैलता बहुत तेजी से है लेकिन बीमारी की गंभीरता को नहीं बढ़ा रहा था जिससे कि मौत की संख्या में बढ़ोतरी नहीं देखी गई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय  ने मंगलवार को जानकारी दी कि देश में अब तक कुल 187 यूके ट्रेन के मामले सामने आ चुके हैं. लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने साप्ताहिक ब्रीफिंग में यह जानकारी भी दी कि देश के अंदर दो और देशों के स्ट्रेन भी दाखिल हो चुके हैं. दक्षिण अफ्रीका से भारत आने वाले 4 लोगों में स्ट्रेन की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्त‍ि में ब्राजील का स्ट्रेन पाया गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका का वेरिएंट, अमेरिका सहित दुनिया के 41 देशों में फैला है.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जनवरी में भारत में 4 लोगों के सार्स-सीओवी-2 वायरस के दक्षिण अफ्रीकी स्वरूप से संक्रमित होने का पता लगा, जबकि फरवरी के पहले हफ्ते में वायरस के ब्राजीलीयाई स्वरूप से एक व्यक्ति के संक्रमित होने की जानकारी मिली. ICMR के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि भारत में बाहर से लौटे चार लोगों के वायरस के दक्षिण अफ्रीकी स्वरूप से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. संक्रमितों में से 2 लोग दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे, जबकि 1-1 व्यक्ति अंगोला और तंजानिया से लौटा था.

सभी यात्रियों और उनके संपर्क में आए लोगों की जांच कर उन्हें क्वारेंटाइन में रखा गया है. उन्होंने कहा कि ‘ICMR-NIV’ इन चार संक्रमित लोगों के नमूनों से दक्षिण अफ्रीकी स्वरूप को अलग करने और अन्य जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा है.

कोरोना से 17 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में कोई मौत नहीं
स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके साथ-साथ यह भी बताया कि बीते 24 घंटों में 17 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में कोविड-19 के कारण किसी मरीज की मौत होने की खबर नहीं है और उनमें से छह प्रदेशों में संक्रमण का कोई नया मामला नहीं दर्ज हुआ है. मंत्रालय ने की तरफ से जारी आंकड़ों में यह भी कहा गया है कि एक दिन में 11,805 और मरीजों के स्वस्थ हो जाने से ऐसे लोगों की संख्या बढ़कर 1,06,33,025 हो गई है. भारत में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 97.32 प्रतिशत हो गई है. इस लिहाज से भारत उन देशों में शामिल है जहां यह दर सबसे अधिक है.

मंत्रालय ने कहा, ‘एक अन्य सकारात्मक घटनाक्रम में 31 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में मरीजों के स्वस्थ होने की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक रही है. दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 99.88 प्रतिशत है.’ मंत्रालय के अनुसार 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से कोई मौत नहीं हुई. इनमें लक्षद्वीप, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, मेघालय, लद्दाख, मणिपुर, हरियाणा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, राजस्थान, नगालैंड, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश तथा दमन और दीव एवं दादरा और नगर हवेली शामिल हैं.

मंत्रालय ने कहा, ‘छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण का कोई नया मामला दर्ज नहीं किया है. इनमें सिक्किम, मेघालय, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, नगालैंड, त्रिपुरा, दमन और दीव एवं दादरा और नगर हवेली शामिल हैं.’ देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1.36 लाख रह गयी है जो कुल मामलों का सिर्फ 1.25 प्रतिशत है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *